कुचामन सिटी। मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी, कुचामन सिटी की ओर से रविवार को हज यात्रा 2027 पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन सहायता शिविर का आयोजन होद के दरवाजे के पास स्थित छीपा जमातखाना में किया गया। शिविर का आयोजन हज कमेटी के पूर्व जिला संयोजक शेख मईनुद्दीन अशरफी के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुआ।

शिविर में कुचामन सिटी एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में हज यात्रियों ने भाग लिया। सभी आवेदकों के ऑनलाइन आवेदन सावधानीपूर्वक भरवाए गए तथा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर आवेदन प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया गया। इसके साथ ही यात्रियों के ब्लड ग्रुप की नि:शुल्क जांच भी की गई, ताकि भविष्य में हज यात्रा के दौरान आवश्यक चिकित्सकीय जानकारी उपलब्ध रह सके।
शिविर में स्वयंसेवकों एवं सोसायटी के पदाधिकारियों ने हज यात्रियों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पासपोर्ट संबंधी औपचारिकताओं तथा हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। जिन आवेदकों को ऑनलाइन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई आ रही थी, उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
सोसायटी के सदर मोहम्मद शकील कुरैशी ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सही मार्गदर्शन और सहयोग पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हज यात्रा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक कार्य में लोगों को तकनीकी एवं प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराना संस्था की सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

सोसायटी के सचिव अकीक अहमद उस्मानी ने कहा कि मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी आगे भी शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं हज यात्रियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने बताया कि जो इच्छुक हज यात्री किसी कारणवश रविवार के शिविर में नहीं पहुंच सके हैं, वे आवेदन की अंतिम तिथि से पूर्व सोसायटी के पदाधिकारियों से संपर्क कर अपना ऑनलाइन आवेदन निःशुल्क भरवा सकते हैं।

शिविर में पहुंचे हज यात्रियों ने सोसायटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निःशुल्क सहायता शिविरों से आमजन को काफी राहत मिलती है और ऑनलाइन आवेदन जैसी जटिल प्रक्रिया आसानी से पूरी हो जाती है।
शिविर में ऑनलाइन आवेदन भरने का कार्य रफीक अहमद अंसारी, अब्दुल हमीद आरबी एवं पियूष राठी ने किया। वहीं इमरान खान, मोहम्मद हबीब मौलानी, इकबाल खान, सरवर खान, नदीम अहमद कुरैशी सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सेवा कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
सोसायटी ने सभी इच्छुक हज यात्रियों से समय पर आवेदन करने, आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखने तथा हज कमेटी ऑफ इंडिया के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की।
