नावां को मिला नया एसडीएम, RAS हुकमीचंद रोहलानिया ने संभाला कार्यभार । पदभार ग्रहण करते ही शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण, अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ त्वरित पहुंचाने के दिए निर्देश


नावां, राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के वरिष्ठ अधिकारी हुकमीचंद रोहलानिया ने आज नावां उपखंड अधिकारी (एसडीएम) के पद पर कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने सक्रियता दिखाते हुए शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने आमजन को सरकार की योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान एसडीएम रोहलानिया ने पेयजल, विद्युत, सार्वजनिक निर्माण विभाग (सड़क), स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों से विभागवार फीडबैक लिया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।
फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर
एसडीएम हुकमीचंद रोहलानिया ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं से संबंधित चार्ट एवं जानकारी शिविर में प्रमुखता से प्रदर्शित की जाए, ताकि आमजन को योजनाओं की पूरी जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए और किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।


उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का गंभीरता से समाधान किया जाए तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।


कुचामन में भी निभा चुके हैं एसडीएम की जिम्मेदारी


नावां के नवनियुक्त एसडीएम हुकमीचंद रोहलानिया के लिए यह क्षेत्र नया नहीं है। इससे पहले वे कुचामन सिटी में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कुचामन में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासनिक दक्षता, जनसुनवाई और विकास कार्यों को गति देने के लिए विशेष पहचान बनाई थी।


आमजन को त्वरित राहत देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता”


पदभार ग्रहण करने के बाद एसडीएम हुकमीचंद रोहलानिया ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना और पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनता को त्वरित राहत उपलब्ध कराएं।

error: News 1 Rajasthan