कारगिल युद्ध के वीर योद्धा एवं परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव की गरिमामयी उपस्थिति में कल रविवार, 31 मई को कुचामन सिटी स्थित कर्नल डिफेंस एकेडमी परिसर में “राष्ट्र सेवा प्रेरणा एवं सम्मान समारोह” आयोजित किया जाएगा। समारोह में भारतीय सेना एवं भारतीय वायुसेना में चयनित कैडेट्स, उनके अभिभावकों तथा क्षेत्र के शहीद वीर सैनिकों के परिवारों का सम्मान किया जाएगा।

कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रहेगी कि कारगिल युद्ध में टाइगर हिल विजय के नायक और देश के सर्वोच्च वीरता सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा युवाओं को राष्ट्र सेवा और देशभक्ति के लिए प्रेरित करेंगे।

कर्नल डिफेंस एकेडमी के चेयरमैन एवं पूर्व सेना भर्ती अधिकारी कर्नल नन्द किशोर ढाका ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि समारोह का उद्देश्य केवल चयनित कैडेट्स का सम्मान करना नहीं, बल्कि युवाओं में राष्ट्र सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र सेनाओं में चयनित युवा पूरे समाज के लिए प्रेरणा हैं, वहीं उनके अभिभावकों का योगदान भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही शहीद परिवारों का सम्मान करना राष्ट्र के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है।
उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान चयनित कैडेट्स एवं उनके अभिभावकों का अभिनंदन, शहीद परिवारों का सम्मान, प्रेरणादायी उद्बोधन तथा राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण का संदेश देने वाले विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं युवा भाग लेंगे।
