हेमलता चौधरी ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल की कीमतों में की गई बढ़ोतरी के विरोध में शुक्रवार को जोधपुर के मोगड़ा स्थित पेट्रोल पंप पर आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व किया। महिला कांग्रेस देहात एवं जोधपुर शहर महिला कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
यह प्रदर्शन महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देश पर आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक मनीषा पंवार सहित महिला कांग्रेस की कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए हेमलता चौधरी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने आमजन की कमर तोड़ दी है। महंगाई के कारण घरों का बजट पूरी तरह प्रभावित हो चुका है और इसका सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को तुरंत बढ़ी हुई कीमतें वापस लेकर जनता को राहत देनी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महंगाई के मुद्दे पर लगातार आमजन की आवाज उठाती रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आमजन के हित में संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
