कुचामन सिटी में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। यह रैली ट्रांसफॉर्मेशन वैलनेस क्लब, जस्ट प्ले स्पोर्ट्स अकैडमी तथा कुचामन डॉक्टर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुई। कार्यक्रम में शहर के चिकित्सकों, युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली की शुरुआत पुराने बस स्टैंड से हुई, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई कुचामन महाविद्यालय तक पहुंची। रिमझिम बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। यह कुचामन में अपने प्रकार का पहला आयोजन रहा, जिसमें लोगों को जीवनभर स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया गया।

रैली के समापन पर डॉ. ओमप्रकाश बिशु ने संबोधित करते हुए विश्व स्वास्थ्य दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा हर वर्ष आयोजित इस दिवस के उद्देश्य को समझाते हुए कहा कि इस वर्ष की थीम “Together for Health: Stand with Science” समाज में वैज्ञानिक सोच और सामूहिक प्रयासों के जरिए बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने का संदेश देती है।

डॉ. प्रदीप चौधरी ने अपने संबोधन में संपूर्ण स्वास्थ्य के विभिन्न घटकों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि व्यक्ति का जेनेटिक मेकअप, खान-पान की आदतें, नशे और ड्रग्स से दूरी, नियमित शारीरिक व्यायाम, पर्याप्त नींद और हैंड हाइजीन जैसे तत्व अच्छे स्वास्थ्य की नींव होते हैं। साथ ही उन्होंने पर्यावरणीय संतुलन—जल, अग्नि, वायु, आकाश और धरती—की शुद्धता को भी स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताया। मानसिक स्वास्थ्य पर जोर देते हुए उन्होंने स्क्रीन टाइम कम करने और सामाजिक मेलजोल बढ़ाने की सलाह दी।
ट्रांसफॉर्मेशन वैलनेस क्लब के निदेशक अमित गुड़ेश्वर ने बताया कि उनका संगठन लगातार आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि क्लब के माध्यम से कई लोगों ने अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाकर ‘फैट टू फिट’ की प्रेरणादायक यात्राएं तय की हैं, जो समाज के लिए उदाहरण बन रही हैं।
डॉ. प्रकाश थोरी ने बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि अत्यधिक स्क्रीन टाइम और आउटडोर खेलों की कमी के कारण बच्चों में मायोपिया (कम उम्र में चश्मा लगना) के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को अधिक समय तक मोबाइल और टीवी से दूर रखने की अपील की।

डॉ. हरीश कुमावत ने शरीर में पानी की महत्ता बताते हुए कहा कि जैसे पृथ्वी पर जल का बड़ा हिस्सा है, वैसे ही मानव शरीर में भी पानी का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह देते हुए कहा कि कम से कम 5 से 6 लीटर पानी का सेवन स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है।

कार्यक्रम के दौरान जस्ट प्ले स्पोर्ट्स अकैडमी के डायरेक्टर अजय बागड़ी, गोपीराम, देवीलाल दादरवाल, देवाराम गुड़ेश्वर सहित कई लोगों ने भी अपने विचार रखे। रैली में शामिल कुछ प्रतिभागियों ने अपनी ‘फैट टू फिट’ यात्रा साझा करते हुए दूसरों को प्रेरित किया।
नर्सिंगकर्मी बाबूलाल ने अपने संबोधन में कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हर नागरिक का स्वस्थ और फिट रहना बेहद जरूरी है, ताकि वह देश की प्रगति में सक्रिय योगदान दे सके।

अंत में देवाराम गुड़ेश्वर ने रैली में शामिल सभी लोगों, आयोजकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।
