कुचामन सिटी के डीडवाना रोड स्थित नालंदा पब्लिक स्कूल में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का मंगलवार को भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से मेधावी छात्र-छात्राओं का साफा, माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक बंशीलाल कांसोटिया, प्रधानाचार्या ललिता वर्मा पारीक, वाइस प्रिंसिपल सुशील अग्रवाल एवं ममता जांगिड़ एवं स्टाफकर्मी मौजूद रहे।
प्रधानाचार्या ललिता वर्मा पारीक ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा परिणाम में देशना शर्मा (96 प्रतिशत) ने प्रथम स्थान, चंद्रकांता कुमावत (94.17 प्रतिशत) ने द्वितीय स्थान तथा लक्ष्मी प्रजापत (94 प्रतिशत) ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा और सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इनमें 7 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक तथा 15 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। साथ ही कक्षा 8वीं एवं 5वीं बोर्ड का परिणाम भी 100 प्रतिशत रहा। उन्होंने कहा कि कहा कि निरंतर प्रयास, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से ही बड़े से बड़े लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

निदेशक बंशीलाल कांसोटिया ने अपने संबोधन में कहा कि अनुशासन, संस्कार और निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि लगन और परिश्रम से ही लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
अंत में वाइस प्रिंसिपल सुशील अग्रवाल एवं ममता जांगिड़ ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
