कुचामन में विकास को लेकर सियासत तेज, भाजपा का पलटवार — “132 दिनों में साढ़े चार साल से ज्यादा काम”

कुचामन नगर परिषद में आयोजित पार्षद विदाई समारोह के बहिष्कार और विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद अब मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस द्वारा भाजपा सभापति सुरेश सिखवाल और उनके 132 दिनों के कार्यकाल पर सवाल उठाए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने संयुक्त बयान जारी कर तीखा पलटवार किया है।

नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल और भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत की ओर से जारी बयान में कहा गया कि नगर परिषद में भाजपा के 132 दिनों के सुशासन को कांग्रेस हजम नहीं कर पा रही है। भाजपा ने दावा किया कि राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी के मार्गदर्शन और सहयोग से अल्प समयावधि में वे कार्य कर दिखाए गए, जो कांग्रेस अपने साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में नहीं कर सकी।

30 करोड़ से ज्यादा के 70 से ज्यादा  विकास कार्य, कांग्रेस हताश

भाजपा ने बताया कि विदाई समारोह के दौरान ही 30 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 70 से ज्यादा विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। बयान में कांग्रेस के आरोपों को भ्रामक, तथ्यहीन और राजनीतिक हताशा से प्रेरित बताया गया। भाजपा का कहना है कि वर्तमान बोर्ड ने सभी 45 वार्डों को समान रूप से विकास की मुख्यधारा में शामिल किया है।

कांग्रेस से मांगा कार्यकाल का हिसाब

भाजपा की और से जारी बयान में सवाल उठाया गया कि कांग्रेस के सभापति और उपसभापति लंबे समय तक पदों पर रहे, लेकिन उस दौरान शहर के धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों सहित सभी वार्डों में समान विकास के लिए टेंडर क्यों जारी नहीं किए गए। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में विकास कार्य कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित रहे और धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों पर तुष्टिकरण की भावना देखने को मिली।

सबका साथ, सबका विकास  पर जोर

भाजपा ने कहा कि वर्तमान बोर्ड ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ सड़कों, नालों, जलापूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, सफाई व्यवस्था तथा धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों के विकास के लिए पारदर्शी प्रक्रिया से टेंडर जारी किए। 30 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों के शिलान्यास से विपक्ष हताश होकर बहिष्कार और निराधार आरोपों का सहारा ले रहा है।

कांग्रेस के दोहरे मापदंड – सुरेश सिखवाल

नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल ने कहा कि कांग्रेस द्वारा अंतिम 132 दिनों में लोकतंत्र की अनदेखी के आरोप उनके दोहरे मापदंडों को उजागर करते हैं। जब उनके शासनकाल में निर्णय लिए गए, तब उन्हें लोकतंत्र याद क्यों नहीं आया? भाजपा ने अल्प समय में ऐतिहासिक विकास कार्य किए हैं। विकास पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस अपने साढ़े चार वर्षों की विफलताओं का हिसाब दे।

उन्होंने यह भी कहा कि विदाई समारोह और शिलान्यास कार्यक्रम पूरी तरह लोकतांत्रिक, पारदर्शी और नियमानुसार आयोजित किए गए थे। उन्हें राजनीतिक रंग देना कांग्रेस की रणनीति है।

उपहार पर भी दिया जवाब

भाजपा अध्यक्ष  और पार्षद  बाबू लाल मारवाड़ा ने बताया कि विदाई समारोह में उपहार देने की वर्षों पुरानी परंपरा रही है। भले ही कांग्रेस पार्षदों ने समारोह का बहिष्कार किया, लेकिन अधिकांश पार्षद अगले दिन नगर परिषद पहुंचकर अपने विदाई उपहार प्राप्त कर गए। उन्होंने कहा कि कुचामन सिटी की जागरूक जनता भेदभाव और वास्तविक विकास के अंतर को समझती है और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से उचित जवाब देगी।

error: News 1 Rajasthan