डीडवाना-कुचामन जिले के मकराना में अवैध चाईनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ मकराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धातु निर्मित प्रतिबंधित चाईनीज मांझा के साथ एक दुकानदार को रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस थाना मकराना की टीम ने स्टेशन रोड बोरावड़ इलाके में दबिश देकर 16 रोल अवैध चाईनीज मांझा जब्त किए और आरोपी मोहम्मद आकिब को गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशों में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया (आरपीएस) तथा वृत्ताधिकारी विकी नागपाल (आरपीएस) के सुपरविजन में की गई। पूरी टीम का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक जगदीश प्रसाद मीणा ने किया।
थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस को को सूचना मिली थी कि स्टेशन रोड बोरावड़ क्षेत्र में एक दुकानदार प्रतिबंधित चाईनीज मांझा बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम रेलवे स्टेशन रोड पहुंची, जहां एक युवक अपनी दुकान पर मांझा के रोल ले जाते हुए मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद आकिब पुत्र रोशन अली, उम्र 22 वर्ष, निवासी स्टेशन रोड बोरावड़ बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 16 रोल चाईनीज मांझा बरामद किए गए। जब आरोपी से मांझा रखने या बेचने का कोई वैध अनुज्ञापत्र मांगा गया तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा ने बताया कि यह धातु निर्मित चाईनीज मांझा मानव जीवन के साथ-साथ आकाश में उड़ने वाले पक्षियों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। जिला कलेक्टर डीडवाना-कुचामन के आदेश क्रमांक 3146 दिनांक 10 दिसंबर 2025 के तहत चाईनीज मांझा के उपयोग और विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध है। इस आदेश की अवहेलना पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(बी) और 125 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

इस कार्रवाई में मघाराम (उप निरीक्षक, प्रभारी पुलिस चौकी बोरावड़), जेनाराम (कांस्टेबल), हीराराम (कांस्टेबल) और ओमप्रकाश (कांस्टेबल, पुलिस थाना मकराना) शामिल रहे।
पुलिस की अपील
इस अवसर पर इलाके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया ने आमजन से अपील की है कि धातुओं के मिश्रण से बने चाईनीज मांझा का उपयोग न करें, क्योंकि इससे दुपहिया वाहन चालकों और पशु-पक्षियों की जान को गंभीर खतरा होता है। साथ ही दुकानदारों से भी आग्रह किया गया है कि प्रतिबंधित मांझा का विक्रय न करें। पक्षियों की सुरक्षा के लिए सुबह 6 से 8 बजे और शाम 5 से 7 बजे तक पतंग न उड़ाने की अपील की गई है। जिला प्रशासन द्वारा लागू निषेधाज्ञा की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने की चेतावनी भी दी गई
