मंदिरों में सिलसिलेवार चोरी की वारदातों का खुलासा —कुचामन सिटी पुलिस ने तीन आरोपी किए गिरफ्तार, चांदी के छत्र-मुकुट बरामद

कुचामन सिटी पुलिस ने मंदिरों में हुई लगातार चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुचामन सिटी नेमीचंद खारिया और वृताधिकारी मुकेश चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी सतपाल सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की।

पिछले दिनों जिलिया, भांवता और कुचामन सिटी के दल्ला बालाजी मंदिर में चांदी के छत्र और मुकुट चोरी होने की तीन वारदातें दर्ज हुई थीं। 6 सितम्बर को पदम कुमार शर्मा ने मालियों के मंदिर और वीर हनुमान मंदिर से छत्र-मुकुट चोरी की रिपोर्ट दी, 13 नवम्बर को भांवता में दिनदहाड़े छत्र चोरी हो गए और 9 नवम्बर को दल्ला बालाजी मंदिर से तीन चांदी के छत्र उठा लिए गए। इन रिपोर्टों पर कुचामन थाने में क्रमशः प्रकरण संख्या 337, 403 और 405 दर्ज कर जांच शुरू हुई।

संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई। वृताधिकारी मुकेश चौधरी ने बताया कि तकनीकी और आसूचना आधारित जांच में संदिग्धों को चिन्हित कर प्रदीप और सोयब को डिटेन किया गया। पूछताछ में दोनों ने जिलिया, भांवता और दल्ला बालाजी मंदिरों से छत्र-मुकुट चोरी करने की बात स्वीकार की। थानाधिकारी सतपाल सिहाग ने बताया कि प्रदीप और दिनेश चोरी ज्यादातर दिन में अंजाम देते थे और चोरी का सामान सोयब कारीगर को बेच देते थे। सोयब ने भी चोरी का माल खरीदने की बात कबूल कर ली, जिसके बाद चांदी के 7 छत्र और मुकुटों को गलाकर बनाई गई चांदी की सिलियां बरामद कर ली गईं।

गिरफ्तार आरोपी
सोयब पुत्र जलालुदीन, उम्र 20 साल, निवासी घाटी कुआंच, कुचामन सिटी।
प्रदीप पुत्र भागीरथ, उम्र 19 साल, निवासी आदर्श कॉलोनी, कुचामन सिटी।
दिनेश पुत्र कालूराम, उम्र 19 साल, निवासी कड़वा का बांसड़ा, हाल स्टेशन रोड, कुचामन सिटी।

पुलिस टीम का योगदान
मामले की तह तक पहुंचने में थानाधिकारी सतपाल सिंह और उनकी टीम—जिनमें हैड कांस्टेबल लालचंद, हैड कांस्टेबल रामूराम, कांस्टेबल हंसराज, कांस्टेबल छोटूराम, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल रविंद्र सिंह शामिल रहे—ने लगातार मेहनत कर संदिग्धों को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई। इस कार्रवाई में कांस्टेबल छोटूराम का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।

error: News 1 Rajasthan