कुचामन सिटी के श्री सत्यनारायण ठाकुरवाड़ी में आज श्रद्धा और उत्साह के माहौल में श्री शालिग्राम जी और तुलसी जी का विवाह उत्सव बड़े ही धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर ठाकुरवाड़ी परिसर भक्ति संगीत और पुष्पों की सुगंध से सराबोर हो उठा।

सुबह से ही महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर ठाकुरवाड़ी में एकत्र होकर भजन-कीर्तन का आयोजन किया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं भक्ति रस में झूम उठीं। तुलसी जी को आकर्षक परिधान, फूलों और दीप सज्जा से अलंकृत किया गया, वहीं विवाह मंडप को रंग-बिरंगी लाइटों और पुष्प हारों से सुसज्जित किया गया।

इस अवसर पर श्रीमती मंजू झंवर ने कहा कि “तुलसी विवाह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह हमारी सनातन संस्कृति में पवित्रता, प्रेम और नारी शक्ति के आदर का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में सौहार्द और भक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।”

वहीं समाजसेवी राधेश्याम झंवर ने कहा कि “कुचामन जैसे ऐतिहासिक नगर में जब ठाकुरवाड़ी जैसे पवित्र स्थल पर ऐसे आयोजन होते हैं तो यह समाज में एकता और परंपरा की जड़ों को सुदृढ़ करते हैं। नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का यह एक सुंदर माध्यम है।”

कार्यक्रम में श्रीमती निर्मला लढ्ढा, मंजू टेलर, मंजू शर्मा, विनोद जांगिड़, लीला जांगिड़, आनंदी शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु महिलाएं उपस्थित रही। विवाह संस्कारों के बाद भजन और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

