भले ही प्रदेश में निकाय और पंचायत चुनाव में अभी वक्त हो, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने इसकी तैयारियां जमीनी स्तर पर शुरू कर दी हैं। डीडवाना-कुचामन जिले में भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ की ओर से आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में यह तैयारी धरातल पर नजर आई।

परबतसर रूपनगढ़ मार्ग स्थित भाजपा जिला कार्यालय में नागौर देहात (डीडवाना – कुचामन) जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ ने कार्यकर्ताओं और टिकटार्थियों को स्पष्ट संदेश दिया कि पार्टी अब केवल उन्हीं को मौका देगी जो वास्तव में धरातल पर सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि चाहे निकाय चुनाव हों या पंचायत चुनाव, भाजपा का टिकट उसी कार्यकर्ता को मिलेगा जो आमजन के कामों में रुचि रखता है, जनता के बीच रहता है और पार्टी के प्रति पूर्ण समर्पित है।रांदड़ ने कहा कि भाजपा संगठन की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और यही कार्यकर्ता आने वाले चुनावों में पार्टी को जीत दिलाएंगे।

उन्होंने पार्टी में महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में महिला वर्ग को भी उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा ताकि हर स्तर पर महिलाओं की सशक्त भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर जिले भर से भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक रणनीतियों, आगामी चुनावी तैयारियों और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने के विषय पर भी चर्चा हुई।

मीडिया से बातचीत में जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य जिले के सभी निकायों और पंचायत समितियों में जीत हासिल करना है। उन्होंने कहा कि संगठन के साथ तालमेल, जनता के प्रति जवाबदेही और जमीनी जुड़ाव ही सफलता की कुंजी हैं।
