आकोदा में खेलों का महासमर : आज होगा कबड्डी महाकुंभ का आगाज, सांसद हनुमान बेनीवाल करेंगे उद्घाटन

69वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता (बालिका वर्ग 17 व 19 वर्ष) का भव्य शुभारंभ मंगलवार को मौलासर ब्लॉक के आकोदा स्थित शिशु विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल में होगा। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन क्षेत्रीय सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आकोदा खेल महाकुंभ के लिए सज चुका है।

प्रतियोगिता संयोजक उगमा राम चौधरी ने जानकारी दी कि इस आयोजन में पूरे राजस्थान से कुल 94 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें 41 जिलों की 82 टीमों के साथ 6 एकेडमियों की 12 टीमें शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए आवास, भोजन, परिवहन और संचालन की समितियाँ गठित कर दी गई हैं। सोमवार से ही प्रदेशभर से बालिका टीमें आकोदा पहुंचने लगीं और अब तक करीब 1200 बेटियां यहाँ डेरा डाल चुकी हैं।

शारीरिक शिक्षक दातार सिंह राठौड़ ने बताया कि जिला बनने के बाद पहली बार डीडवाना को एक साथ चार राज्य स्तरीय खेल आयोजनों की जिम्मेदारी मिली है, जिनमें कबड्डी प्रतियोगिता अहम है। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला उपखेल अधिकारी राजेश चौधरी लगातार मैदानों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह भी व्यक्तिगत रूप से व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं ताकि प्रतिभागियों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए शारीरिक शिक्षा के करीब 75 शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। प्रतियोगिता स्थल पर निशा सोनी, वासुदेव बलारा, सुनील सहारण, पुष्पेंद्र महला, रामदेव ज्याणी, नानूराम, लिक्षमण सिंह राठौड़, पारस परिहार, जसवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और स्वयंसेवक जुटे हुए हैं।

आकोदा में एक सप्ताह तक चलने वाला यह कबड्डी महाकुंभ न केवल खिलाड़ियों के कौशल और प्रतिभा का मंच बनेगा, बल्कि जिले की खेल संस्कृति को भी नई पहचान देगा।

error: News 1 Rajasthan