जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर मदरसा अनवारे मुस्तफा में रविवार को शानदार प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मदरसे के नन्हे-मुन्ने तल्बा व तालीबात ने दीनी व तारीखी उन्वानों पर अपने-अपने अंदाज में एक से बढ़कर एक प्रोग्राम पेश किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने मौजूद हर शख्स का दिल जीत लिया और सामईन ने भरपूर तारीफ की।

कार्यक्रम में मेहमान-ए-खुसूसी डॉ. अंजुम अख्तर सिद्दीकी साहिबा ने प्यारे नबी हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहे वसल्लम के पैगाम और उनके दौर से पहले व बाद के हालात पर बड़ा ही हसीन और असरदार बयान पेश किया। उनके बेबाक अंदाज ने सामईन के दिलों को छू लिया। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए एक और मेहमान आलीना राबिमा राव ने मोहब्बते रसूल पर अपने बयान से लोगों का दिल जीत लिया।
प्रोग्राम के दौरान पूरा माहौल मोहब्बत, इल्म और नबी-ए-पाक की सीरत से महक उठा और शिरकत करने वाले लोग इस यादगार प्रोग्राम से काफी मुतास्सिर नजर आए।

कार्यक्रम समाजसेवी लियाकत कुरैशी की सरपरस्ती में हुआ । वहीं कार्यक्रम में जनाब ईकबाल बाटी, डॉ. यूनुस राव, वकार सिद्दीकी, फिरोज राव, शहजाद कुरैशी, ईमरान राव, समीर, अदनान, हसन और मुस्तफा की मौजूदगी रही।
जलसे की सदारत शमशुद्दीन रजवी ने की, जो मदरसा अनवारे मुस्तफा व मुस्तफा मस्जिद के खिदमतगुजार भी हैं। आयोजन को कामयाब बनाने में नौजवान कमेटी राजा-ए-मुस्तफा गुलजारपुरा, कुचामन सिटी का विशेष योगदान रहा।
