डीडवाना में भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा की मांग पर राज्य सरकार ने डीडवाना मंडी समिति क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी सौगात दी है। उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने इस मांग को स्वीकारते हुए मंडी विकास निधि से चार नई सड़कों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है। इन सड़कों के बनने से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और मंडी क्षेत्र का विकास भी तेज होगा।

मंडी विकास निधि से बनने वाली इन सड़कों में सबसे पहले खाखोली गांव के गोगाजी महाराज मंदिर से महलो की ढाणी तक करीब 71.40 लाख रुपये की लागत से 2 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। वहीं तारपुरा गांव के अग्रवाल समाज भवन से तेल्या कुआँ की ढाणी तक 2.9 किलोमीटर लंबी सड़क 103.53 लाख रुपये खर्च कर तैयार होगी।

इसके अलावा बड़ी बेरी चौराहे से श्मशान भूमि लाखणा तालाब तक 61.58 लाख रुपये की लागत से 1.6 किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा। वहीं बेरी की ढाणी से जोधकया नाड़ी लादड़ीया तक 2.10 किलोमीटर लंबी सड़क पर 74.97 लाख रुपये की लागत आएगी

इन चारों सड़कों के निर्माण से न सिर्फ ग्रामीणों की कनेक्टिविटी सुधरेगी बल्कि डीडवाना मंडी समिति क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का भी विस्तार होगा। ग्रामीणों का कहना है कि इस निर्णय से गांवों का विकास और गति पकड़ेगा तथा किसानों को भी लाभ मिलेगा।
