कुकनवाली की बेटी ने रचा इतिहास: विश्व की नंबर-1 जॉकी रूपा राठौड़ का भव्य स्वागत, हजारों की भीड़ ने किया अभूतपूर्व अभिनंदन

कुचामन सिटी, क्षेत्र के कूकनवाली गांव की बेटी और विश्व की नंबर-1 महिला जॉकी रूपा राठौड़ के पैतृक गांव कुकनवाली में पोलैंड में विश्व खिताब जीतकर देश का मान बढ़ाने वाली गांव की बेटी रूपा राठौड़ के स्वागत में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
जगह-जगह पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच गांववासियों ने अपनी बेटी का ऐतिहासिक अभिनंदन किया।

सम्मान समारोह से पहले पूरे गांव में भव्य जुलूस निकाला गया। इस जुलूस में रूपा राठौड़ अपने परिवार के साथ सजे-धजे रथ में सवार होकर मुख्य मार्गों से गुजरीं। हर गली, हर चौक पर लोगों ने उनका स्वागत किया और उन्हें देखने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा।

रूपा राठौड़ ने घुड़सवारी (जॉकी) के क्षेत्र में जो मुकाम हासिल किया है, वह अपने आप में ऐतिहासिक है। उनके नाम अब तक 720 से अधिक जीत दर्ज हैं और उनका स्ट्राइक रेट विश्व में सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। पुरुष वर्चस्व वाले इस खेल में उन्होंने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ निश्चय के दम पर दुनिया में नंबर-1 स्थान हासिल कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा के आगे कोई बाधा नहीं टिकती।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें बड़ी पहचान तब मिली, जब उन्होंने पोलैंड में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व खिताब अपने नाम किया। 15 अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धियों के बीच उन्होंने अपने हुनर का लोहा मनवाते हुए भारत का गौरव बढ़ाया। बताया जाता है कि रूपा ने अपने करियर की शुरुआत बेहद साधारण परिस्थितियों से की थी और कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह ऊंचाई हासिल की।

इस मौके पर आयोजित सम्मान समारोह में स्थानीय विधायक एवं राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि एक छोटे से गांव की बेटी ने पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन किया है, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल बताते हुए कहा कि रूपा आज की युवा पीढ़ी, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।

पूर्व आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि घुड़सवारी को लंबे समय से पुरुषों का खेल माना जाता रहा है, लेकिन रूपा राठौड़ ने इस सोच को बदल दिया है। उनका यह मुकाम आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देगा।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बागड़ी ने कहा कि रूपा की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे समाज और देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज को ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करना चाहिए।

भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा ने कहा कि कुकनवाली की बेटी ने यह साबित कर दिया कि गांव की मिट्टी में भी विश्व विजेता पैदा होते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे रूपा से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य तय करें।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री डॉ. रजनी गावड़िया ने कहा कि रूपा राठौड़ ने महिलाओं के लिए नई राह खोली है। उनका संघर्ष और सफलता हर बेटी के लिए प्रेरणा है कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।

राजपूत समाज नेता दलपत सिंह गच्छीपुरा ने कहा कि यह पूरे समाज के लिए गर्व का क्षण है। रूपा ने अपनी मेहनत से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

इस भावुक क्षण में रूपा राठौड़ के पिता नरपत सिंह ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है। उन्होंने बताया कि रूपा ने बचपन से ही घुड़सवारी के प्रति जुनून दिखाया और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य से कभी पीछे नहीं हटीं। उनके भाई रविन्द्र सिंह ने कहा कि रूपा की सफलता पूरे परिवार के लिए प्रेरणा है और यह उनकी वर्षों की मेहनत का परिणाम है।

खुद रूपा राठौड़ ने इस सम्मान को अपने जीवन का सबसे भावुक पल बताते हुए कहा कि यह प्यार और सम्मान उन्हें और बेहतर करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, कोच और गांववासियों को दिया। उन्होंने खासतौर पर महिलाओं को संदेश देते हुए कहा कि अगर आत्मविश्वास और मेहनत हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।

कार्यक्रम में निलेश जैन (पंचायत समिति सदस्य), सरपंच धन्ना राम, श्यामसुंदर शर्मा, जयसिंह, महावीर सिंह, जीतू सिंह, दयाल सिंह, दिनेश बरवाली, गोविंद मंडावारिया, विनोद मेहरा, अंकित शर्मा, राजेश्वर सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और ग्रामीण मौजूद रहे।

error: News 1 Rajasthan