कुचामन सिटी में पत्रकारों की लगभग दो दशक पुरानी संस्था पत्रकार विकास संस्थान ने आज प्रभारी सचिव डॉ. समित शर्मा के दौरे के अवसर पर जिला पत्रकार भवन के लिए भूमि आवंटन की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। संस्था के अध्यक्ष मनोज जोशी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर परिषद सभागार में सौहार्दपूर्ण मुलाकात करते हुए इस जनहितकारी पहल पर सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा जताई।

ज्ञापन सौंपते हुए अध्यक्ष मनोज जोशी ने कहा कि कुचामन सिटी विकास के नए आयाम छू रहा है और मीडिया इस विकास यात्रा का सशक्त सहभागी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला पत्रकार भवन बनने से पत्रकारों को एक स्थायी एवं संगठित मंच मिलेगा, जिससे वे जनहित के विषयों को और अधिक प्रभावी ढंग से उठा सकेंगे तथा प्रशासन के साथ समन्वय और मजबूत होगा।
मुरारी गौड़ ने कहा कि पत्रकार विकास संस्थान पिछले लगभग 20 वर्षों से क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है और समय-समय पर सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करता आया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पत्रकार भवन बनने से संवाद, प्रशिक्षण और सकारात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
हेमराज पारीक ने कहा कि पत्रकार भवन प्रशासन और मीडिया के बीच सुदृढ़ संवाद का सेतु बनेगा और सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी रूप से पहुँचाने में सहायक सिद्ध होगा।
अयूब शेख ने अपने विचार रखते हुए कहा कि आधुनिक पत्रकारिता के दौर में तकनीकी संसाधनों और प्रशिक्षण की आवश्यकता बढ़ी है, ऐसे में एक सुसज्जित भवन प्रेरणादायी केंद्र बनेगा।

ओम प्रकाश कुमावत और विमल पारीक ने कहा कि यह भवन केवल पत्रकारों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए विचार-विमर्श और सकारात्मक पहल का केंद्र बनेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संस्था के अध्यक्ष मनोज जोशी के साथ मुरारी गौड़, हेमराज पारीक, अयूब शेख, विमल पारीक, विजय पारीक, डीसी गौड़ एवं दिनेश कड़वा सहित अन्य पत्रकार सदस्य उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी सचिव से सकारात्मक पहल की आशा व्यक्त की,और प्रभारी सचिव डॉ समित शर्मा ने पत्रकारों की इस मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी ।
