नोबल स्कूल के वार्षिकोत्सव में प्रतिभाओं का सम्मान, RAS में चयनित पूर्व छात्रों का भव्य अभिनंदन

कुचामन सिटी में स्थानीय नोबल स्कूल का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल उपलब्धियों का सम्मान किया गया तथा विद्यालय के गौरवशाली परिणामों को साझा किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुरेश सिखवाल (सभापति, नगरपरिषद् कुचामन सिटी) रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. वी.के. गुप्ता ( पूर्व PMO, राजकीय जिला चिकित्सालय कुचामन सिटी), गोविन्द राम शेषमा (अध्यक्ष, निजी विद्यालय एसोसिएशन), अर्जुन राम कड़वा, नन्द किशोर ढाका, रामदेव खीचड़ और देवीलाल दादरवाल उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि, संस्था निदेशक दलपतसिंह रूणिजा, प्रधानाचार्य सतवन्त सिंह चौधरी और भंवर लाल दाधीच ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों का माल्यार्पण व साफा बांधकर स्वागत किया गया।


अपने संबोधन में गोविन्द राम शेषमा ने कहा कि निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी है और शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों का सम्मान रहा, जिन्होंने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) में और खेलों में उत्कृष्ट सफलता हासिल की।
विद्यालय के हॉस्टल के पूर्व छात्र-छात्राओं कुशल चौधरी, आकाश सैनी, भारती शर्मा, करणी सिंह और मोनू कंवर ने इस वर्ष RAS में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया। पूजा सोलंकी ने राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त कर विद्यालय व राजस्थान का नाम रोशन किया। इन सभी का विद्यालय परिवार की और से भव्य अभिनंदन किया गया ।

कुशल चौधरी ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों के मार्गदर्शन और कठोर परिश्रम को दिया तथा विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान पर जोर देने की बात कही। भारती शर्मा ने कहा कि शिक्षा रटने की नहीं, बल्कि विषय की अवधारणा समझने की प्रक्रिया होनी चाहिए ताकि विद्यार्थी भविष्य में उच्च पदों पर जिम्मेदारी से कार्य कर सकें। उन्होंने बच्चों के अत्यधिक मोबाइल व टीवी उपयोग पर चिंता जताते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों को इससे बचाव का श्रेष्ठ माध्यम बताया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बाबूराव एंड ग्रुप का हास्य नाटक, आद्या ग्रुप का नारी भक्ति कार्यक्रम तथा ज्ञानाराम द्वारा प्रस्तुत कच्छी घोड़ी नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभक्ति गीतों और शिक्षा पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों ने भी खूब तालियां बटोरीं।

संस्था निदेशक दलपतसिंह रूणिजा ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, इसके लिए निरंतर परिश्रम आवश्यक है। प्रधानाचार्य सतवन्त सिंह चौधरी ने विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी । कार्यक्रम में सभी कक्षाओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय के स्टाफ एवं लंबे समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के अंत में प्रधानाचार्य सतवन्त सिंह चौधरी ने अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में भंवर लाल शर्मा, विजयकुमार पाण्डेय, गजानद शर्मा, बाबुलाल शर्मा, अमरेश शाही, भंवर सिंह चौहान, मोहम्मद अली, मो. सलीम, अंकित शर्मा, मोहसीन, नरेन्द्र सिंह चौहान, नरेन्द्र सिंह शेखावत, नितेश शर्मा, कैलाशचन्द्र वर्मा, देवेन्द्र चारण, शिव कुमार, पदमाराम, राजुराम, इरफान अली, राकेश सेवलिया, अफसाना, वाजिया उस्मानी, प्रेम शर्मा, सायर कंवर, कल्पना शर्मा, ज्योत्स्ना, सरिता सोनी सहित समस्त स्टाफ व अभिभावकगण मौजूद रहे। मंच संचालन कुलदीप चारण और दीप्ति जोशी ने किया।

error: News 1 Rajasthan