राजस्थान में कांग्रेस की महिला राजनीति को नई दिशा देने की तैयारी, जयपुर में होगा , ‘नेतृत्व-सृजन’ नाम से विशेष प्रशिक्षण शिविर, संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा

राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की ओर से अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा के नेतृत्व में आगामी 14 और 15 फरवरी को दो दिवसीय “नेतृत्व-सृजन” विषयक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) कार्यालय में आयोजित होगा, जिसमें प्रदेशभर से महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगी।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह चौधरी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य महिला कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना, संगठनात्मक मजबूती बढ़ाना और राजनीतिक तथा सामाजिक मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाने के लिए उन्हें प्रशिक्षित करना है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठन की संरचना, चुनावी रणनीति, जनसंपर्क कौशल, सोशल मीडिया प्रबंधन, महिला अधिकारों से जुड़े मुद्दों और जमीनी स्तर पर सक्रिय भागीदारी जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

शिविर की तैयारियों के क्रम में प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह चौधरी ने महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों के साथ राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया गया।

मुलाकात के दौरान गहलोत के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली गई और उनके शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की गई।

सूत्रों के अनुसार, इस शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से महिला प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है ताकि संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त किया जा सके। कार्यक्रम में राष्ट्रीय नेतृत्व की उपस्थिति से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
महिला कांग्रेस का यह दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें महिला नेतृत्व को नई दिशा और ऊर्जा देने पर विशेष जोर रहेगा।

error: News 1 Rajasthan