डॉ. वी.के. गुप्ता व डॉ. कल्पना गुप्ता की सराहनीय पहल, जिला चिकित्सालय कुचामन सिटी को भेंट किया अत्याधुनिक प्रोजेक्टर, प्रशिक्षण व शैक्षणिक गतिविधियों को मिलेगा नया आयाम

राजकीय जिला चिकित्सालय कुचामन सिटी में शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण सुविधाओं को सशक्त करने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। भामाशाह डॉ. वी.के. गुप्ता एवं डॉ. कल्पना गुप्ता द्वारा लगभग 40 हजार रुपये मूल्य का अत्याधुनिक प्रोजेक्टर प्रोजेक्टर स्क्रीन सहित चिकित्सालय को भेंट किया गया। लंबे समय से चिकित्सालय में इस प्रकार के आधुनिक उपकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी हो सकी है।


इस प्रोजेक्टर की उपलब्धता से अब चिकित्सालय में मेडिकल एवं नर्सिंग स्टाफ के लिए नियमित रूप से स्टाफ अपग्रेडेशन, स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम, सीपीआर ट्रेनिंग, सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) सहित विभिन्न प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जा सकेगा। इससे न केवल चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ के ज्ञान व दक्षता में वृद्धि होगी, बल्कि मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार आएगा।


इस अवसर पर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ. शकील अहमद राव ने भामाशाह दंपती का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा सेवाओं के लिए निरंतर प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। यह प्रोजेक्टर चिकित्सालय की शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा देगा और स्टाफ को नवीनतम चिकित्सा तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे सहयोग से चिकित्सालय परिवार का मनोबल बढ़ता है और समाज में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति सकारात्मक संदेश जाता है।

वहीं भामाशाह डॉ. वी.के. गुप्ता ने कहा कि राजकीय चिकित्सालय आमजन के स्वास्थ्य की रीढ़ होते हैं। यदि यहां कार्यरत चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को आधुनिक संसाधन और बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलें, तो समाज को इसका दूरगामी लाभ मिलता है। इसी सोच के साथ चिकित्सालय को यह प्रोजेक्टर भेंट किया गया है और भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में हमारा सहयोग जारी रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान उप अधीक्षक डॉ. बी.एस. ढाका, डॉ. चेनाराम चौधरी, डॉ. सत्यनारायण कुम्हार, डॉ. जे.पी. ढाका, डॉ. राजकुमार राठौर, डॉ. इशाक देवडा, डॉ. विनोद सागर, डॉ. कैलाश शर्मा, डॉ. वेदांत शर्मा, नर्सिंग अधीक्षक अनवर हुसैन, वरिष्ठ नर्सिंग ऑफिसर रणवीर सिंह, नर्सिंग ऑफिसर आचूकी चौधरी, विद्या शर्मा, जोली शाजी सहित चिकित्सालय का समस्त चिकित्सा एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहा।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने इस प्रेरणादायक पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि राजकीय जिला चिकित्सालय कुचामन सिटी की सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

error: News 1 Rajasthan