विद्यार्थियों की जागरूकता रैली से गूंजा जल संरक्षण का संदेश


राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई के तत्वावधान में कुचामन सिटी में जल संरक्षण को लेकर एक प्रभावी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को नई जल प्रदाय योजना के महत्व, जल मीटर से होने वाले लाभों तथा जल संरक्षण की आवश्यकता के प्रति जागरूक करना रहा।
यह जागरूकता कार्यक्रम आरयूआईडीपी के अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार के निर्देशन में, अधिशासी अभियंता राजकुमार मीना के मार्गदर्शन तथा सहायक अभियंता अनिल सैनी के सहयोग से आयोजित किया गया। राजकीय माध्यमिक विद्यालय खांडली कोठी, कुचामन सिटी के प्रधानाचार्य धर्मवीर सिंह राठौड़ ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।


रैली में शामिल विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर और जोशीले नारों के माध्यम से जल बचाने का संदेश दिया। “जन-जन ने ये ठाना है, पानी को बचाना है”, “पानी है बहुमूल्य रतन”, “जल संरक्षण हो हम सबका नारा, ताकि संतुलित रहे पर्यावरण हमारा” जैसे नारों से क्षेत्र गूंज उठा। रैली राजकीय माध्यमिक विद्यालय खांडली कोठी से प्रारंभ होकर खांडली कोठी, विनायक नगर एवं बुडुसू चौराहा होते हुए पुनः विद्यालय प्रांगण में संपन्न हुई। इस दौरान 106 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के दौरान कैप के सामाजिक विकास विशेषज्ञ देवेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नई जल प्रदाय योजना के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत आमजन को पर्याप्त मात्रा में और पूर्ण प्रेशर के साथ पानी उपलब्ध होगा। साथ ही जल मीटर से होने वाले फायदों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों से पानी की एक-एक बूंद बचाने की अपील की।
विद्यालय के हरीराम चौहान ने कहा कि आवश्यकतानुसार ही जल का उपयोग करना चाहिए, क्योंकि आज की बचत ही कल का सुरक्षित भविष्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से न केवल स्वयं जल संरक्षण करने, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कैप की सविता शर्मा ने जल संरक्षण के विभिन्न उपायों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई और कहा कि पानी को किसी भी रूप में व्यर्थ न करें, क्योंकि जल ही जीवन है और इसका संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर विद्यालय की श्रीमती मुकेश चौधरी, श्रीमती रमा शर्मा, श्रीमती ललिता शर्मा तथा एल एंड टी के किशन सिंह ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान कर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

error: News 1 Rajasthan