डीडवाना। हज 2026 में चयनित हज यात्रियों को यात्रा के दौरान किए जाने वाले अरकान, विभिन्न धार्मिक गतिविधियों, टीकाकरण एवं व्यवस्थागत निर्देशों की समुचित जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नागौर एवं डीडवाना–कुचामन जिले में विशेष प्रशिक्षण एवं टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी गोपाल जीनगर ने बताया कि डीडवाना – कुचामन और नागौर जिले के कुल 544 चयनित हज यात्रियों के लिए चार अलग-अलग स्थानों पर चरणबद्ध कैंप लगाए जाएंगे।
डीडवाना क्षेत्र के हाजियों के लिए 8 फरवरी रविवार को कायमखानी छात्रावास, डीडवाना में प्रशिक्षण कैंप आयोजित किया जाएगा, जहां जिला हज ट्रेनर रमजान खान द्वारा यात्रियों को हज यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी जाएगी। डीडवाना कैंप को लेकर समाजसेवी मनवर उस्मानी ने क्षेत्र के सभी चयनित हज यात्रियों से अपील की है कि वे समय पर कैंप में पहुंचकर प्रशिक्षण में भाग लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

मकराना क्षेत्र के चयनित हज यात्रियों के लिए 9 फरवरी सोमवार को अंजुमन महाविद्यालय, मकराना में प्रशिक्षण कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप में जिला हज ट्रेनर हाजी मोईनुदीन शेख द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। मकराना के यात्रियों को भी इस कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से शामिल होकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
टीकाकरण और मेडिकल स्क्रीनिंग को लेकर 7 फरवरी शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बासनी में हज मेडिकल कैंप आयोजित किया जाएगा। इस कैंप में जिला हज ट्रेनर प्यार मोहम्मद के साथ सहयोगी जनवा तारिक दिलवाली, मोहम्मद अली, वार्ड पार्षद मोहम्मद कासम, मेहबूब गाहिर एवं मोहम्मद अहसन हसन सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता अपनी सेवाएं देंगे।
वहीं नागौर जिला मुख्यालय पर 10 फरवरी मंगलवार को ग्रीन हाउस गार्डन, सूफी साहब दरगाह नागौर में प्रशिक्षण कैंप आयोजित किया जाएगा। इस कैंप में जिला हज ट्रेनर प्यार मोहम्मद के साथ तरबेज खान, राजस्थान स्टेट हज कमेटी के पूर्व सदस्य जनाब शम्शेर खान, सदर दरगाह सूफी, सदाकत सुलेमानी सदर मदरसा हनिफिया सूफिया, कमल हसन, आरिफ गौरी सहित अन्य समाजसेवी सहयोग करेंगे।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी गोपाल जीनगर ने बताया कि भारत सरकार द्वारा जारी एसओपी के अनुसार सभी चयनित हज यात्रियों को प्रशिक्षण कैंप में अपने साथ पूरा स्वास्थ्य रिकॉर्ड, आधार कार्ड, फोटो एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा। इसी दिन मेडिकल स्क्रीनिंग कर प्रमाणपत्र संबंधित पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।
प्रशासन एवं सामाजिक संगठनों की ओर से डीडवाना, मकराना और नागौर क्षेत्र के सभी चयनित हज यात्रियों से अपील की गई है कि वे तय तिथि व स्थान पर पहुंचकर कैंप में भाग लें और अपनी हज यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफल बनाने में सहयोग करें।
