कुचामन सिटी में नगर परिषद कार्यालय के सामने कल शुक्रवार को भगवान परशुराम सर्किल का विधिवत शिलान्यास समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 9:15 बजे समारोहपूर्वक प्रारंभ होगा। इस अवसर पर प्रदेश के राजस्व राज्यमंत्री विजयसिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद कुचामन सिटी के सभापति सुरेश सिखवाल करेंगे।

समारोह में नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत, नावां के समाजसेवी मनीष व्यास विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं सर्व ब्राह्मण समाज अध्यक्ष घनश्याम गौड़ एवं विप्र समाज अध्यक्ष मनोज जोशी मंचस्थ अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम का आयोजन सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, समाजसेवी, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं विप्र समाज के लोग भाग लेंगे। आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

गौरतलब है कि क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी के निर्देशानुसार नगर परिषद कुचामन सिटी क्षेत्र में सर्व ब्राह्मण समाज को विप्र समाज के आराध्य देव भगवान परशुराम के नाम से सर्किल निर्माण हेतु भूमि आवंटित की गई थी। इसी क्रम में अब सर्किल के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत शिलान्यास के माध्यम से की जा रही है।
इस मौके पर नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल ने कहा कि भगवान परशुराम सर्किल का निर्माण शहर की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को और अधिक सशक्त करेगा। उन्होंने बताया कि यह सर्किल न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य भी करेगा। साथ ही उन्होंने नगर परिषद की ओर से निर्माण कार्य को गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का भरोसा दिलाया।
