48 घंटे में अपहरण व दुष्कर्म मामले का खुलासा, अहमदाबाद से नाबालिग बालिका दस्तयाब, दो आरोपी गिरफ्तार

डीडवाना–कुचामन जिले में मकराना पुलिस ने अपहरण व दुष्कर्म के गंभीर प्रकरण में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए मात्र 48 घंटे में नाबालिग बालिका को अहमदाबाद से सकुशल दस्तयाब कर लिया। इस मामले में अपहरणकर्ता किशोर कुमार और उसके सहयोगी पप्पूराम को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया और वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल के सुपरविजन में की गई।


मकराना थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू की। परिवादिया की ओर से 14 जनवरी 2026 को दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि वह शिव मंदिर दर्शन के लिए गई थी, इस दौरान घर पर मौजूद 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री अचानक लापता हो गई। आसपास तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस टीम ने मकराना, कुचामन सिटी और आसपास के क्षेत्रों में 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों, फील्ड इंटेलिजेंस और टीमवर्क के जरिए बालिका की लोकेशन ट्रेस कर उदयपुर, बड़ौदरा और अहमदाबाद में लगातार दबिश दी गई। आखिरकार अहमदाबाद से बालिका को दस्तयाब कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश कर परिजनों को सुपुर्द किया गया।


थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करते हुए पीड़िता की सुरक्षित बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि “टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी विश्लेषण और मैदानी सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की, जिसके चलते आरोपियों को जल्द पकड़ना संभव हो पाया। ऐसे अपराधों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक बलवीर खान, कांस्टेबल सुखदेव, नन्दराम, रमेश कुमार, केशाराम, ओमप्रकाश और देवेन्द्र कुमार, महिला कांस्टेबल बिमला और सुमन, तथा साइबर सेल डीडवाना–कुचामन से कांस्टेबल तुलसीराम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

error: News 1 Rajasthan