कुचामन में RPS मुकेश चौधरी ने संभाला वृताधिकारी का पद, कहा — कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता, अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई

कुचामन में नए वृताधिकारी के रूप में RPS मुकेश चौधरी ने आज विधिवत पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। पिछले दिनों जारी हुई आरपीएस तबादला सूची में वृताधिकारी अरविंद विश्नोई का तबादला नागौर होने के बाद कुचामन की जिम्मेदारी मुकेश चौधरी को सौंपी गई थी।

पदभार ग्रहण करने के बाद वृताधिकारी मुकेश चौधरी ने वृत्त के थाना प्रभारियों की बैठक ली, जिसमें उन्होंने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, लंबित मुकदमों और जनसुनवाई से जुड़े मामलों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि थानों में आने वाले प्रत्येक परिवादी की सुनवाई संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ होनी चाहिए, किसी भी शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। मुकदमे दर्ज होने के बाद उनमें त्वरित जांच और ठोस कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाएगी।

मुकेश चौधरी ने कहा कि उनका पहला उद्देश्य वृत्त क्षेत्र में कानून और शांति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। उन्होंने बताया कि कुचामन, नावां, चितावा और मारोठ थानों में पुलिस गश्त और इंटेलिजेंस तंत्र को और सक्रिय किया जाएगा, ताकि अपराधों की रोकथाम समय रहते की जा सके।

मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि जनता को निडर माहौल देना हमारी प्राथमिकता है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। पुलिस जनता के सहयोग से ही अपराध पर अंकुश लगा सकती है। महिला सुरक्षा पर बोलते हुए वृताधिकारी चौधरी ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े अपराधों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक थाना स्तर पर “महिला हेल्प डेस्क” को और मजबूत किया जाएगा ताकि पीड़िताओं को त्वरित सहायता मिल सके। साथ ही उन्होंने बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। “ऑनलाइन ठगी के मामलों में लोग अंजाने नंबरों या लिंक पर क्लिक करने से बचें। पुलिस लगातार साइबर अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है, लेकिन आमजन को भी जागरूक होना जरूरी है।वृताधिकारी मुकेश चौधरी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे सोशल मीडिया पर अपराधियों या बदमाश प्रवृत्ति वाले लोगों का अनुसरण न करें। उन्होंने कहा कि जो लोग अपराधियों को फॉलो करते हैं या उनका महिमामंडन करते हैं, वे भी कानून की नजर में उतने ही दोषी हैं। ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।

गौरतलब है कि मुकेश चौधरी के लिए यह इलाका नया नहीं है , वे पूर्व में नावां और डीडवाना थानाधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं और अपने सख्त लेकिन व्यवहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। कुचामन में पदभार ग्रहण के साथ ही उन्होंने संकेत दे दिया है कि कानून व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और पुलिस-जन सहयोग के जरिए क्षेत्र को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

error: News 1 Rajasthan