देशभर की तरह आज डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस ने भी पुलिस शहीद दिवस पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाया। जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के नेतृत्व में पुलिस लाइन डीडवाना-कुचामन में आयोजित समारोह में शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति में गार्ड ऑफ ऑनर, हवाई सलामी और पुष्पचक्र अर्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीदों के चित्रों के समक्ष पुष्प अर्पित कर नमन किया और दो मिनट का मौन रखकर उनके अमर बलिदान को याद किया।

एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि यह दिवस हर वर्ष 21 अक्टूबर को उन वीर पुलिसकर्मियों की याद में मनाया जाता है जिन्होंने 1959 में भारत-चीन सीमा पर मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। यह दिन देशभर के पुलिसकर्मियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और अदम्य साहस का प्रतीक है। यह अवसर न केवल शहीदों के प्रति कृतज्ञता का भाव प्रकट करता है, बल्कि हर पुलिसकर्मी को यह संकल्प भी दिलाता है कि वे जनसेवा और राष्ट्र सुरक्षा के अपने व्रत को पूरी ईमानदारी से निभाएं।

समारोह के दौरान गार्ड द्वारा शहीदों की स्मृति में हवाई फायर किया गया। इसके बाद एसपी रिचा तोमर, एएसपी हिमांशु शर्मा और वृताधिकारी धरम पूनिया सहित सभी अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। परेड के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने देश की सेवा और शहीदों की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस मौके पर राजकीय बांगड़ जिला हॉस्पिटल डीडवाना में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रक्तदान के जरिए पुलिसकर्मियों ने “सेवा परमो धर्मः” की भावना को साकार किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा ने कहा कि आज का दिन उन वीर सपूतों की याद दिलाता है जिन्होंने देश और जनता की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए। पुलिस विभाग उनके बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। हमारा दायित्व है कि हम उनकी स्मृतियों को जीवित रखें और अपनी सेवाओं से समाज का विश्वास बनाए रखें।

डीडवाना वृताधिकारी धरम पूनिया ने कहा कि शहीद दिवस केवल स्मरण का नहीं, बल्कि आत्ममंथन का दिन भी है। हमें अपने शहीद साथियों की भावना से प्रेरित होकर जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए और अधिक समर्पित होना चाहिए।

इस अवसर पर एसपी ऋचा तोमर एएसपी हिमांशु शर्मा, वृताधिकारी धरम पूनिया, विक्की नागपाल, महेन्द्र सिंह, जितेन्द्र सिंह, थाना अधिकारियों, पुलिस जवानों और अन्य विभागीय कार्मिकों की उपस्थिति रही। सभी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पुलिस शहीद दिवस का यह आयोजन न केवल शहीदों की याद में श्रद्धा का प्रतीक बना, बल्कि डीडवाना-कुचामन पुलिस के समर्पण और सेवा की भावना का जीवंत उदाहरण भी रहा।



