कुचामन में गूंजा जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का पैगाम, बच्चों ने नात, तकरीर और किराअत से बांधा समां

मदरसा इस्लामिया सोसायटी ने प्रतिभाओं, इमाम हजरात और उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले कारकूनों को किया सम्मानित | पहली बार आयोजित हुआ MIS एक्सीलेंस अवार्ड-2026

कुचामन सिटी। हर साल की तरह इस वर्ष भी मदरसा इस्लामिया सोसायटी की ओर से रविवार को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और अकीदत के साथ किया गया। गुलाब बाड़ी, हौद का दरवाजा स्थित मदरसा इस्लामिया सोसायटी बालिका स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शहर के विभिन्न मदरसों से आए तुलबाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए नात, तकरीर, किराअत और सवाल-जवाब के माध्यम से उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम में बच्चों ने बेहद आत्मविश्वास और उम्दा अंदाज में अपनी प्रस्तुतियां दीं। किसी बच्चे ने खूबसूरत अंदाज में नात पेश कर माहौल को रूहानी बनाया, तो किसी ने अपनी तकरीर के जरिए इस्लाम की शिक्षाओं, अच्छे अखलाक, तालीम और समाज में भाईचारे का संदेश दिया। किराअत की प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में आध्यात्मिक रंग भर दिया। सवाल-जवाब के माध्यम से बच्चों ने इस्लामी जानकारियों पर अपनी मजबूत पकड़ का परिचय दिया।

बच्चों की प्रस्तुतियों के दौरान उपस्थित इस्लामिक धर्मगुरुओं, उलेमा और प्रबुद्ध नागरिकों ने उनका उत्साहवर्धन किया और जमकर सराहना की। कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले प्रत्येक तुलबा को मदरसा इस्लामिया सोसायटी की ओर से सम्मानित कर उनकी हौसला अफजाई की गई।

इमाम दानिश रजा ने बताई तालीम की अहमियत

कार्यक्रम में पलटन गेट स्थित मिर्जा मस्जिद के इमाम दानिश रजा साहब ने अपनी तकरीर में बच्चों और अभिभावकों को तालीम की अहमियत से रूबरू कराया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बच्चों के लिए केवल दीनी तालीम ही नहीं, बल्कि दुनियावी और आधुनिक शिक्षा हासिल करना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों से मेहनत, अनुशासन और अच्छे अखलाक के साथ शिक्षा हासिल कर अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि तालीम इंसान के लिए वह रोशनी है, जो उसे सही और गलत की पहचान कराती है। बच्चों को अपने दीन से जुड़े रहते हुए आधुनिक शिक्षा में भी आगे बढ़ना चाहिए, क्योंकि आज के दौर में शिक्षा ही तरक्की का सबसे मजबूत जरिया है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने की अपील की।

मदरसा छींपान के बच्चों के अनुशासन और नवाचार की सराहना

12 रबीउल अव्वल के मौके पर आयोजित जुलूस और जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी कार्यक्रम के दौरान मदरसा छींपान के बच्चों द्वारा अनुशासन एवं नवाचार के साथ भागीदारी निभाने पर भी उनकी विशेष रूप से हौसला अफजाई की गई। मस्जिद छींपान के इमाम साबिर हुसैन साहब को मदरसा इस्लामिया सोसायटी के सदर मोहम्मद सलीम और सेक्रेटरी हबीब सोलंकी की ओर से सम्मानित किया गया।

पहला MIS एक्सीलेंस अवार्ड-2026 भी आयोजित

जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी कार्यक्रम के साथ मदरसा इस्लामिया सोसायटी की ओर से पहली बार MIS एक्सीलेंस अवार्ड-2026 का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी सेवा और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं के साथ हाफ़िज़ ,कारी और इमाम बनने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में वर्ष 2026 की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में उच्च अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा NEET-2026 में सफलता हासिल करने वाली प्रतिभाओं तथा सरकारी सेवा में चयनित युवाओं को भी सम्मान प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

सोसायटी की ओर से केंद्र सरकार के उम्मीद पोर्टल पर कुचामन और नावां क्षेत्र की वक्फ संपत्तियों को अपलोड करने वाली टीम की उत्कृष्ट कार्य के लिए हौसला अफजाई की गई और उन्हें भी सम्मानित किया गया।

सोसायटी के चुनाव में जिम्मेदारी निभाने वाले कारकून भी हुए सम्मानित

कार्यक्रम में मदरसा इस्लामिया सोसायटी के पिछले वर्ष हुए चुनाव के दौरान जिम्मेदारियां निभाने वाले लोगों तथा सोसायटी के लिए उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले कारकूनों को भी सम्मानित किया गया। चुनाव के दौरान मुख्य चुनाव अधिकारी रहे जाकिर हुसैन अंसारी का विशेष सम्मान किया गया । 

आयोजन का उद्देश्य उन सभी लोगों की सेवाओं को सराहना देना रहा, जिन्होंने संस्था, शिक्षा और समाज के लिए अपनी जिम्मेदारियों को निष्ठा के साथ निभाया।

शहर के इमाम हजरात का भी सम्मान

कार्यक्रम में कुचामन शहर की विभिन्न मस्जिदों के इमाम हजरात को भी मदरसा इस्लामिया सोसायटी की ओर से सम्मानित किया गया। मंच पर मौजूद उलेमा और धर्मगुरुओं ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी शिक्षा, दीनी जानकारी और सकारात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के मंच पर दानिश रजा साहब, आशिक अली साहब, शहाबुद्दीन साहब, मोहम्मद हैदर साहब, साबिर हुसैन साहब, हाशिम खान साहब, बदरुल कादरी साहब, हीसाम खान, शोएब साहब, मुमताज आलम साहब, मोहम्मद जावेद साहब, बशीर साहब, शमशुद्दीन साहब, नौशाद अली साहब, मौलाना अकील साहब, मोहम्मद अकरम साहब, मुस्लिमुद्दीन साहब, मोहम्मद नईम साहब,हाफिज अरकान और शम्सुद्दीन साहब सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

कुल मिलाकर जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी और MIS एक्सीलेंस अवार्ड-2026 का आयोजन दीनी शिक्षा, दुनियावी तालीम, प्रतिभा सम्मान और समाज के लिए उत्कृष्ट सेवाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश देता नजर आया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों और प्रतिभाओं के सम्मान से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।

error: News 1 Rajasthan