देशभर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर डीडवाना–कुचामन जिले में एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेंद्र खड़गावत के नवाचार के तहत डीडवाना उपखंड कार्यालय परिसर में देश की पहली BLO Wall का लोकार्पण किया गया। इस विशेष अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर भी मौजूद रहीं।

यह BLO Wall एसआईआर (Special Intensive Revision) कार्य में जुटे सभी बीएलओ के योगदान को सम्मान देने और उनके उत्साह को बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। इस वॉल पर जिले में एसआईआर कार्य में सक्रिय सभी BLO के नाम और गांव के नाम उकेरे गए हैं, जिससे उनके परिश्रम और समर्पण को स्थायी पहचान मिल सके। यह पहल न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश में अपनी तरह की पहली पहल मानी जा रही है, जिसकी सराहना मुख्य निर्वाचन अधिकारी स्तर पर भी की गई है।

कार्यक्रम के दौरान एसआईआर कार्य में अहम भूमिका निभाने वाले सभी बीएलओ की उपस्थिति रही। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेंद्र खड़गावत, एसपी ऋचा तोमर और एडीएम मोहनलाल द्वारा नवीन मतदाताओं का सम्मान किया गया तथा उन्हें एपिक कार्ड वितरित किए गए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को मतदान की शपथ भी दिलाई गई, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी को और मजबूत किया जा सके।

बीएलओ ने इस अभिनव पहल की खुलकर सराहना की और कहा कि पहली बार उनके कार्य को इस स्तर पर पहचान और सम्मान मिला है। उन्होंने इसे अपने लिए नई ऊर्जा का स्रोत बताते हुए भविष्य में और अधिक समर्पण भाव से कार्य करने का संकल्प जताया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेंद्र खड़गावत ने बताया कि BLO अपने दायित्वों के निर्वहन के दौरान कई तरह की चुनौतियों का सामना करते हैं। इसके बावजूद उन्होंने समय से पहले एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया। इन्हीं प्रयासों को सम्मान देने और प्रेरणा देने के उद्देश्य से BLO Wall की परिकल्पना की गई, जिसे आज डीडवाना में साकार रूप मिला।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आने वाले समय में जिले के सभी उपखंड कार्यालय परिसरों में इसी तरह की BLO Wall स्थापित की जाएगी, ताकि प्रत्येक BLO को सम्मान और प्रोत्साहन मिल सके।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर डीडवाना में शुरू हुई यह पहल न केवल प्रशासनिक नवाचार का उदाहरण बनी है, बल्कि लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ माने जाने वाले BLO के सम्मान की दिशा में एक नई मिसाल भी कायम कर गई है।
