डीडवाना–कुचामन जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मकराना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में लंबे समय से वांछित आरोपी मुकेश कुमार डोडवाडिया को पुलिस थाना मकराना की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस थाना परबतसर में दर्ज प्रकरण में फरार चल रहा था।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया तथा वृताधिकारी मकराना विकी नागपाल के सुपरविजन में की गई। पुलिस निरीक्षक व थानाधिकारी मकराना जगदीश प्रसाद मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने फील्ड इंटेलिजेंस और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर आरोपी को कस्बा आहोर, जिला जालोर से दस्तयाब किया। पूछताछ और अनुसंधान के बाद आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार 10 दिसंबर 2025 को परबतसर पुलिस ने मुल्जिम मुकेश रेबारी के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ अफीम जब्त की थी। जांच में सामने आया कि जब्त अफीम मुकेश डोडवाडिया के लिए लाई जा रही थी। इसी कड़ी में उसे वांछित घोषित कर तलाश शुरू की गई थी।
गिरफ्तार आरोपी मुकेश कुमार डोडवाडिया पुत्र भागीरथ राम, जाति जाट, उम्र 30 वर्ष, निवासी खातिड़ो की ढाणी, निमोद, थाना मौलासर, जिला डीडवाना–कुचामन है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में जगदीश प्रसाद मीणा, पुलिस निरीक्षक व थानाधिकारी मकराना; शिवलाल, हेड कांस्टेबल; ओमप्रकाश, कांस्टेबल तथा नंदराम, कांस्टेबल शामिल रहे।

कार्रवाई में हेड कांस्टेबल शिवलाल की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। शिवलाल ने आरोपी की लोकेशन से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्र कर फील्ड इंटेलिजेंस को मजबूत किया, लगातार निगरानी रखी और टीम को सही समय पर सटीक इनपुट उपलब्ध कराए, जिससे आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी।
थानाधिकारी जगदीश मीणा ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के नेटवर्क से जुड़े चाहे कितने भी शातिर आरोपी हों, उन्हें कानून के शिकंजे से बचने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि नशे का धंधा करने वालों के लिए डीडवाना–कुचामन जिला सुरक्षित ठिकाना नहीं है।
