सेवा को संकल्प और समर्पण को संस्कार मानने वाली महावीर इंटरनेशनल संस्था का अजमेर जोन स्तरीय सम्भागीय अधिवेशन रविवार, 4 जनवरी 2026 को कुचामन सिटी के सरला बिरला कल्याण मंडपम में आयोजित हुआ। महावीर इंटरनेशनल कुचामन सिटी द्वारा आयोजित इस अधिवेशन में अजमेर जोन के अध्यक्ष वीर बाबूलाल जैन की अध्यक्षता रही, जबकि अधिवेशन का सफल समन्वय कॉर्डिनेटर वीर सुभाष पहाड़िया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

सेवा कार्यों का हुआ सम्मान, प्रेरणा का बना मंच
अधिवेशन के दौरान संभाग स्तर पर उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले वीर-वीरा, युवा इकाइयों, संस्थाओं, दानदाताओं एवं सहयोगियों को सम्मानित कर उनका बहुमान किया गया। पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, चिकित्सा, महिला सशक्तिकरण, नेत्रदान, देहदान, रक्तदान, दिव्यांग सेवा, जीवदया और मानव सेवा के क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले केंद्रों के अध्यक्षों और सचिवों को सम्मान मिलने से पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और महावीर प्रार्थना के साथ हुआ। मंच पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष एपेक्स वीर महेंद्र कुमार जैन (फरीदाबाद), अंतरराष्ट्रीय सचिव वीर सोहनलाल वैद्य (बालाघाट), अंतरराष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वीर सुधीर कुमार जैन (दिल्ली), सलाहकार बोर्ड सदस्य वीर पदमचंद जैन व वीर अशोक कुमार गोयल, मिश्री प्रोजेक्ट के निर्देशक वीर विनोद कुमार चैरडिया तथा प्रोग्राम एवं इवेंट मैनेजमेंट वीर तरुण सुराणा मंचासीन रहे। स्वागत गीत मीना पहाड़िया ने प्रस्तुत किया।

अजमेर जोन अध्यक्ष बाबूलाल जैन का संदेश
अध्यक्षीय उद्बोधन में अजमेर जोन अध्यक्ष वीर बाबूलाल जैन ने कहा कि महावीर इंटरनेशनल केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सेवा और संवेदना की जीवंत विचारधारा है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना ही महावीर इंटरनेशनल का मूल उद्देश्य है और अजमेर जोन निरंतर इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कुचामन सिटी इकाई की सराहना करते हुए कहा कि यहां का आयोजन पूरे जोन के लिए प्रेरणास्रोत है।

कॉर्डिनेटर सुभाष पहाड़िया बोले – सेवा का दायरा और बढ़ेगा
अधिवेशन कॉर्डिनेटर वीर सुभाष पहाड़िया ने कहा कि महावीर इंटरनेशनल द्वारा संभाग भर में किए जा रहे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में और अधिक व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि जरूरतमंदों तक सेवा की रोशनी पहुंचे।
भामाशाहों और सेवाभावियों का हुआ सम्मान
अधिवेशन में श्रेष्ठ सहयोग के लिए भामाशाहों और सेवाभावी व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। निःशुल्क सेवाएं देने वाले चिकित्सकों, शिक्षा संस्थानों से जुड़े पदाधिकारियों, दिव्यांग सेवा और देहदान-नेत्रदान जैसे महादान करने वालों का सम्मान कार्यक्रम का भावुक और प्रेरक क्षण रहा।

सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल, पूर्व जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा संस्थाओं के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिकन और मीडिया प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। अजमेर, किशनगढ़, बोरावड़, मकराना, डीडवाना और कुचामन से बड़ी संख्या में वीर-वीरा और युवा सदस्यों ने भाग लेकर अधिवेशन को सफल बनाया।
संयमित संचालन और प्रेरणादायी समापन
मंच संचालन मोनिका लोढ़ा ने किया। पूरे अधिवेशन के दौरान सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कुचामन सिटी में आयोजित यह सम्भागीय अधिवेशन न केवल सम्मान समारोह रहा, बल्कि समाज सेवा के लिए नई ऊर्जा और नई दिशा देने वाला आयोजन साबित हुआ।
