कुचामन सिटी में रविवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के निर्देशानुसार एवं उपमुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी के आह्वान पर नगर कांग्रेस कमेटी नावां व कुचामन तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नावा–कुचामन के संयुक्त तत्वावधान में अरावली बचाओ जन आंदोलन और मनरेगा योजना से महात्मा गांधी के नाम को हटाने के विरोध में जोरदार पैदल मार्च निकाला गया।

यह पैदल मार्च सीकर बस स्टैंड स्थित गंगा मैया मंदिर से प्रारंभ होकर सीकर रोड गोल प्याऊ, मुख्य बस स्टैंड होते हुए पुराना बस स्टैंड स्थित कनोई पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचा। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ गगनभेदी नारे लगाए और अपने विरोध को सशक्त रूप से प्रकट किया।
नावां विधानसभा क्षेत्र प्रभारी देवेंद्र सिंह बुटाटी के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल हुए। कनोई उद्यान पहुंचने पर सभी कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और अरावली पर्वतमाला के संरक्षण तथा मनरेगा योजना को यथावत रखने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी देवेंद्र सिंह बुटाटी ने कहा कि अरावली पर्वतमाला राजस्थान की जीवनरेखा है, इसके साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि खनन माफिया और सरकारी–प्रशासनिक संरक्षण के चलते अरावली को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिसे रोकने के लिए कांग्रेस सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी। मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाना राष्ट्रपिता का सीधा अपमान है और यह भाजपा की नकारात्मक मानसिकता को दर्शाता है।

ब्लॉक अध्यक्ष कुचामन भंवर अली खान ने कहा कि मनरेगा योजना ने ग्रामीण गरीबों को रोजगार और सम्मान दिया है। इस योजना के साथ छेड़छाड़ करना और महात्मा गांधी के नाम को हटाना केवल योजना पर ही नहीं, बल्कि गांधीवादी विचारधारा पर भी हमला है। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता इसके खिलाफ अंतिम दम तक लड़ाई लड़ेगा।
नगर अध्यक्ष सुतेद्र सारस्वत ने कहा कि केंद्र सरकार की तानाशाही नीतियों से आमजन आहत है। गांधी जी के नाम को हटाकर भाजपा ने देश की आत्मा पर चोट की है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने अपने फैसले वापस नहीं लिए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

वहीं नावां ब्लॉक अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा कि अरावली को बचाना केवल पर्यावरण का सवाल नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का प्रश्न है। कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी सूरत में अरावली के विनाश और मनरेगा के कमजोर करने की कोशिशों को सफल नहीं होने देंगे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में केंद्र सरकार से मांग की कि मनरेगा योजना को उसी मूल स्वरूप में यथावत संचालित किया जाए और अरावली पर्वतमाला की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, अन्यथा कांग्रेस का जन आंदोलन और व्यापक रूप लेगा।

कार्यक्रम में नावां विधानसभा प्रभारी देवेंद्र सिंह बुटाटी, जिला उपाध्यक्ष शेर खान, माधव प्रसाद धुत नावां, जिला महासचिव बुद्धाराम चौधरी, क्रय विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष ईश्वर राम सोहू, कुकनवाली सरपंच धनाराम फौजी, हिरानी सरपंच मदनलाल कुमावत, भांवता सरपंच देवीलाल मुवाल, नावां ब्लॉक अध्यक्ष उदय सिंह खारिया, कुचामन ब्लॉक अध्यक्ष भंवर अली खान, कुचामन नगर अध्यक्ष सुतेद्र सारस्वत, नावा नगर अध्यक्ष बाबूलाल बजाज, शौकत खान, नगर परिषद के पार्षद सुभाष पावड़िया फजलु रहमान कुरैशी, बुन्दु अली, मोहम्मद फारूक टांक ,पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद नासिर, अयूब तबाक, महिला कांग्रेस महासचिव मृदुला कोठारी, वरिष्ठ कांग्रेसी किशोर सिंह चावंडिया, दुर्गाराम चौधरी, इमरान लीलगर, सेवादल जिला अध्यक्ष पूजा सोनी, श्रीमती चंद्रकांता, डॉक्टर दिनेश शर्मा नावां ,बाबूलाल , राकेश जांगिड़, मुन्नाराम महला फौजी, मोहम्मद सलीम छिपा, झाबर महिला, लादूराम डोडवडिया, शैतान सिंह रूपपुरा, सहित उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रति अपनी पूरी निष्ठा व्यक्त करते हुए संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया तथा भारत माता की जय, कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद, वंदे मातरम के नारों से उद्यान को गूंजायमान कर दिया।
