मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी पर फायरिंग कर हत्या की साजिश रचने वाला निकला, रुलानिया हत्याकांड का हथियार सप्लायर, कुचामन पुलिस ने 21वें आरोपी साहिल को किया गिरफ्तार

मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी पर फायरिंग कर hatya की साजिश रचने वाले आरोपी का नाम अब कुचामन के साल 2025 के बहुचर्चित रमेश रूलानिया हत्याकांड से भी जुड़ गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा ने बताया कि अक्टूबर महीने में मुनव्वर फारूकी पर फायरिंग कर ,हत्या करने की योजना में अपने साथी राहुल के साथ शामिल साहिल ने ही रमेश रूलानिया की हत्या के लिए इस्तेमाल हुए अवैध हथियार और कारतूस ,रुलानिया हत्याकांड के आरोपियों तक पहुंचाए थे। डीडवाना–कुचामन जिले की कुचामन सिटी थाना पुलिस ने इस खुलासे के बाद साहिल को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर मामले में 21वां आरोपी बनाया है।

पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा और वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी की सुपरविजन में थानाधिकारी सतपाल सिंह के नेतृत्व में कुचामन पुलिस ने साहिल को एसीजेएम कोर्ट कुचामन सिटी में पेश किया, जहां से एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।

रुलानिया हत्याकांड में हथियार सप्लाई की बड़ी कड़ी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी साहिल ने अपने साथी राहुल के साथ मिलकर जितेन्द्र सिंह चारण उर्फ जीतू चारण को दो पिस्टल, कारतूस और मैगजीन उपलब्ध करवाई थीं। ये हथियार वीरेंद्र चारण और रोहित गोदारा गैंग के निर्देश पर सप्लाई किए गए थे। बाद में इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल कर गणपत गुर्जर और उसके साथियों ने जिम के अंदर रमेश रूलानिया की गोली मारकर हत्या कर दी। पूछताछ में साहिल ने स्वीकार किया है कि वह लंबे समय से गैंग के लिए हथियारों की सप्लाई कर रहा था और उसे विदेश में सेटल कराने का लालच देकर गैंग से जोड़ा गया था।

मुनव्वर फारूकी पर फायरिंग की नाकाम कोशिश

पुलिस रिमांड के दौरान साहिल ने यह भी बताया कि उसने अपने साथी राहुल के साथ अक्टूबर महीने के शुरू में बेंगलुरु में मुनव्वर फारूकी की रैकी की थी। दोनों ने फारूकी पर फायरिंग कर ,हत्या करने की योजना बनाई थी, लेकिन यह प्रयास असफल रहा और राहुल के साथ साहिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था जिसे अब कुचामन पुलिस ने रमेश रूलानिया हत्याकांड में प्रोडक्शन वारंट पर अपनी कस्टडी में लिया।

पुलिस रिमांड में गहन पूछताछ जारी

थानाधिकारी सतपाल सिहाग ने बताया कि कुचामन पुलिस अब साहिल से हथियार सप्लाई नेटवर्क, गैंग की फंडिंग, अन्य सहयोगियों और दोनों मामलों के बीच कनेक्शन को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार साहिल के खिलाफ पहले से छह आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से गैंग की गतिविधियों और साजिश की पूरी कड़ी और स्पष्ट होगी।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

इस कार्रवाई में थानाधिकारी सतपाल सिंह के साथ हेड कॉन्स्टेबल छोटूराम, कॉन्स्टेबल लाल सिंह, जितेन्द्र, देवीलाल और केशाराम शामिल रहे।

ये था मामला

7 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 5:20 बजे व्यापारी रमेश रूलानिया जिम में वर्कआउट कर रहे थे, तभी एक युवक ने अंदर घुसकर उन पर फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल रूलानिया की इलाज के दौरान मौत हो गई। अब तक इस मामले में 20 आरोपी गिरफ्तार और एक नाबालिग निरुद्ध किया जा चुका है। साहिल की गिरफ्तारी के साथ यह संख्या बढ़कर 21 हो गई है, और पुलिस का दावा है कि साजिश की परतें लगातार खुलती जा रही हैं।

error: News 1 Rajasthan