पुलिस की दक्षता और आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम — काकोट में फायरिंग रेंज के शुभारंभ पर बोले एएसपी विमल सिंह नेहरा

कुचामन सिटी, नवसृजित जिला डीडवाना–कुचामन में शनिवार को फायरिंग रेंज का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिला कलेक्टर डीडवाना द्वारा आवंटित भूमि पर, पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में कुचामन सिटी क्षेत्र के सरहद ग्राम काकोट में निर्मित इस फायरिंग रेंज का उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुचामन विमल सिंह नेहरा द्वारा किया गया।


फायरिंग रेंज के शुभारंभ के साथ ही आज पहला वार्षिक फायरिंग अभ्यास भी आयोजित किया गया। इस अभ्यास में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा सहित 10 हेड कांस्टेबल एवं 29 कांस्टेबलों ने भाग लिया। अभ्यास के दौरान SLR, .38 बोर रिवॉल्वर एवं पम्प एक्शन गन से कुल 880 राउंड फायर कर पुलिसकर्मियों ने अपने हथियार संचालन कौशल को परखा और सुदृढ़ किया।


इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा ने कहा कि “नवसृजित जिले में फायरिंग रेंज का शुरू होना पुलिस बल के लिए एक ऐतिहासिक और आवश्यक कदम है। इससे पुलिसकर्मियों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगा, जिससे उनकी दक्षता और आत्मविश्वास दोनों में वृद्धि होगी। पहले इस अभ्यास के लिए नागौर जाना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की भी हानि होती थी।”


उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग के लिए निरंतर प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है और यह फायरिंग रेंज जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।


फायरिंग रेंज के शुरू होने से न केवल पुलिस बल को वार्षिक फायरिंग अभ्यास के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि प्रशिक्षण की निरंतरता भी सुनिश्चित होगी। यह पहल नवसृजित जिला डीडवाना–कुचामन की संस्थागत मजबूती, पुलिस बल की प्रशिक्षण क्षमता एवं परिचालन दक्षता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

error: News 1 Rajasthan