साइबर फ्रॉड से बचाव पर जोर — ICICI बैंक ने कुचामन में किया बैंकिंग अवेयरनेस प्रोग्राम का आयोजन

डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से आमजन को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से ICICI बैंक, कुचामन सिटी शाखा द्वारा आज एक “बैंकिंग अवेयरनेस प्रोग्राम” का आयोजन कुचामन पुस्तकालय, पुराना बस स्टैंड पर किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को डिजिटल ट्रांजेक्शन, साइबर सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता और सुरक्षित ऑनलाइन बैंकिंग के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप शाखा प्रबंधक अभिषेक काछवाल एवं अजीत कुमावत ने किया। इस अवसर पर बैंक के कर्मचारियों शेख वसीम, विकास तेतरवाल और रजत पारीक ने उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों व व्यापारियों को विस्तृत रूप से बताया कि ऑनलाइन धोखाधड़ी से कैसे बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों को समझाया कि किसी भी स्थिति में OTP, पासवर्ड या बैंक डिटेल्स साझा न करें, अज्ञात लिंक या कॉल पर भरोसा न करें, और केवल अधिकृत ऐप्स या वेबसाइट के माध्यम से ही ट्रांजेक्शन करें।

बैंक प्रतिनिधियों ने UPI, नेट बैंकिंग, फ्रॉड अलर्ट सिस्टम और सरकारी वित्तीय योजनाओं से संबंधित जानकारी भी साझा की। सत्र के दौरान उपस्थित नागरिकों ने कई सवाल पूछे, जिनका बैंक अधिकारियों ने सहजता से उत्तर दिया।

कार्यक्रम में शिवकुमार अग्रवाल, जीवनसिंह राठौड़, सुनील कुमार माथुर, मधुसूदन पारीक, भागूराम पोड़, मो. शकील कुरैशी, कालीचरण व्यास सहित अनेक स्थानीय नागरिकों, ग्राहकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

अंत में बैंक प्रतिनिधियों ने कहा कि ICICI बैंक ग्राहकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से हम लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित कर डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को मजबूत बनाना चाहते हैं। कार्यक्रम का संचालन बैंक अधिकारियों द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शिवकुमार अग्रवाल ने किया।

error: News 1 Rajasthan