डीडवाना – कुचामन जिले की बेटियों ने फुटबॉल मैदान पर एक बार फिर अपने खेल कौशल का लोहा मनवाते हुए पूरे प्रदेश में डीडवाना का नाम रोशन किया है। डॉ. सोहन चौधरी के संरक्षकत्व में चल रही मारवाड़ फुटबॉल अकादमी और सुद्रासन गांव स्थित एरीना सॉकर अकादमी से तैयार हुई बालिकाओं ने राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर सभी को चौंका दिया।

राजस्थान के विभिन्न हिस्सों से आई सैकड़ों बालिकाओं के बीच से केवल इसी गांव की अकादमी की करीब नौ बेटियों का चयन राजकीय बालिका फुटबॉल कोटा अकादमी के लिए हुआ। इनमें खिलाड़ी आफरीन बानो, हंसिका, कौशल्या, तनीषा मेहरा, साक्षी, नम्रता कंवर, कविता मेहरा सहित अन्य शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी वर्तमान में ब्यावर में आयोजित 69वीं राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में कोटा अकादमी का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

अकादमी के कोच शादाब उस्मानी ने बताया कि टीम ने अपने शानदार खेल से प्रतिद्वंद्वियों को एकतरफा मुकाबलों में हराया। चूरू को 5–0, प्रतापगढ़ को 7–0, कैरथल तिजारा को 8–0 और जैसलमेर को 7–0 से मात देकर टीम ने सुपर लीग में जगह बनाई। बीकानेर के खिलाफ मुकाबला 2–2 से ड्रॉ रहा। इस प्रदर्शन ने न केवल खिलाड़ियों बल्कि नवगठित जिले का भी नाम प्रदेशभर में ऊंचा कर दिया है।
मारवाड़ फुटबॉल अकादमी के संरक्षक डॉ. सोहन चौधरी ने कहा कि ग्रामीण अंचल की बेटियां आज फुटबॉल जैसे खेल में भी अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। यह चयन साबित करता है कि यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे किसी से पीछे नहीं हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत जारी रखने की नसीहत दी और कहा कि आने वाले समय में ये बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का परचम लहराएंगी।

जिला फुटबॉल संघ के सचिव फरहत अली ने इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन डीडवाना की खेल संस्कृति के लिए मील का पत्थर है। वहीं संघ के उपाध्यक्ष शबीक अहमद उस्मानी ने कहा कि इस उपलब्धि ने न सिर्फ अकादमी बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे और मेहनत करने और खेल को करियर की दिशा देने की प्रेरणा दी।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शहर के समाजसेवियों, खेल संघों के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने बालिका खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
