डीडवाना-कुचामन जिले में शिक्षा जगत से जुड़े मुद्दों और चुनौतियों पर विमर्श का बड़ा मंच तैयार हो गया है। राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील) का दो दिवसीय जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन शुक्रवार को डीडवाना के दोजराज मंदिर रोड स्थित जांगिड़ भवन में विधिवत रूप से आरम्भ हुआ।

अतिथियों की मौजूदगी और शुभारंभ
जिलाध्यक्ष जवाहर चौधरी’जूली’ ने बताया कि सम्मेलन का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मारवाड़ हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सोहन चौधरी और पूजा इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक बजरंग सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पूर्व प्रधानाचार्य तेजाराम जाखड़, समाजसेवी इमरान खान और एसबीआई प्रतिनिधि सुलोचना मुवाल विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन राजेन्द्र बीरड़ा ने किया।

विभिन्न बिंदुओं पर हुई चर्चा
पहले दिन शिक्षकों और समाज की भूमिका, वर्तमान शिक्षा व्यवस्था के समक्ष चुनौतियां, शिक्षकों की समस्याएं, शिक्षा में नवाचार और शिक्षकों की मांगों जैसे अहम विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षकों की भूमिका को और मजबूत बनाने पर बल दिया।

शिक्षकों की 21 सूत्रीय मांगें
जिला मंत्री मुश्ताक खान ने बताया कि सम्मेलन के दौरान शिक्षक संघ की ओर से तैयार 21 सूत्रीय मांग पत्र को उचित माध्यम से राज्य सरकार को भेजा जाएगा। इसमें शिक्षकों की सेवा से जुड़ी समस्याओं और शिक्षा सुधार के मुद्दों को शामिल किया गया है।
महिला शिक्षिकाओं की सक्रिय भागीदारी
जिला महिला मंत्री संगीता जानू ने कहा कि इस सम्मेलन में महिला शिक्षिकाओं की भी सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने शिक्षण के साथ-साथ समाज में महिला शिक्षिकाओं के योगदान को रेखांकित किया।

शिक्षाविदों की बड़ी मौजूदगी
जिला सभाध्यक्ष जवाहरलाल ने बताया कि सम्मेलन में उपप्रधानाचार्य जुल्फिकार कुरैशी, जिलाउपाध्यक्ष सुखाराम बीरड़ा, जिला कोषाध्यक्ष राजेश कड़वासरा, तहसील अध्यक्ष धर्मेंद्र चाहर, तहसील महामंत्री गोपालराम थालोड़ सहित कमला, राजेन्द्र जानू, निरमा ढाका, रीना, रामकरण मेघवाल, मोहियुदीन, घीसाराम मानव, राकेश थोरी जैसे कई शिक्षाविदों की उपस्थिति रही।

दूसरे दिन भी होगा संवाद
यह सम्मेलन दो दिनों तक चलेगा, जिसमें विभिन्न सत्रों के जरिए शिक्षा सुधार, नवाचार और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
