डीडवाना में मेघवाल समाज विकास संस्थान की कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा होने के बाद रविवार को समाज भवन में चुनाव प्रक्रिया बड़े ही उत्साह और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी रूपाराम पिंडार की देखरेख में चार पदों के लिए सुबह दस बजे से मतदान शुरू हुआ जो दोपहर एक बजे तक चला।

मतदान पूर्ण होने के बाद तुरंत मतगणना शुरू की गई। इसमें अध्यक्ष पद के उम्मीदवार एस.आर. लूनिया ने शानदार जीत दर्ज की। उन्हें 86 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी गोमाराम पंवार सिंघाना को मात्र 7 मत प्राप्त हुए। निर्वाचन अधिकारियों ने एस.आर. लूनिया को समाज विकास संस्थान का अध्यक्ष घोषित किया।

इसी तरह उपाध्यक्ष पद पर डालूराम जोरम चांदबासनी, सचिव पद पर सूरजमल दहिया बालिया और कोषाध्यक्ष पद पर जयनारायण पंवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। परिणाम घोषित होते ही सभी पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण किया।

शपथ के बाद नव निर्वाचित अध्यक्ष एस.आर. लूनिया ने कहा कि “यह जीत केवल मेरी नहीं बल्कि पूरे समाज की एकजुटता की जीत है। हमें शिक्षा, रोजगार और सामाजिक उत्थान के लिए नए प्रयास करने होंगे। हमारी प्राथमिकता समाज के युवाओं को संगठित कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की रहेगी। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के आदर्शों पर चलते हुए समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।”

इसके उपरांत नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समाजसेवा के संकल्प लिए। इसके बाद नगर में एक भव्य विजय जुलूस भी निकाला गया जिसमें समाज के लोगों ने ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्ण नारों के बीच नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया।
