नागौर जिला बास्केटबॉल संघ अक्टूबर माह में डीडवाना की धरती पर ऐसा इतिहास रचने जा रहा है जिसे स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। 9 से 12 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय सीनियर बास्केटबॉल (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता का आयोजन होगा जिसमें प्रदेशभर से लगभग 60 टीमें और करीब 800 खिलाड़ी भाग लेंगे।

75 साल के गौरवशाली सफर में डीडवाना को मिला बड़ा अवसर
संघ के प्रवक्ता अबरार अली बेरी ने बताया कि राजस्थान बास्केटबॉल के 75 साल पूरे होने पर हीरक जयंती का आयोजन डीडवाना को सौंपा गया है। इससे पहले साल 1974 में रजत जयंती और साल 1999 में स्वर्ण जयंती आयोजन भी डीडवाना ने ही किया था। अब इस वर्ष की यह डायमंड जुबली प्रतियोगिता डीडवाना के गौरव को चार चाँद लगाएगी।
आयोजन समिति का गठन
राजकीय बांगड़ महाविद्यालय खेल प्रांगण में श्रीकांत क्लब और एनडीबीए की बैठक हुई जिसमें आयोजन समिति का गठन किया गया।
अध्यक्ष – जेपी पसारी (भामाशाह पसारी परिवार)
सचिव – गोविंद गुर्जर (युवा समाजसेवी)
कोषाध्यक्ष – महेंद्र सिंह पंवार (पूर्व खिलाड़ी व समाजसेवी)

राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष एडवोकेट अजीत सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए अलग-अलग समितियों का गठन आगामी रविवार को होगा।
‘डीडवाना, बास्केटबॉल का ऋणी’ – आरबीए अध्यक्ष
आरबीए अध्यक्ष अजीत सिंह राठौड़ ने कहा कि बास्केटबॉल ने डीडवाना को एक पहचान और मुकाम दिलाया है। उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य है कि डीडवाना ने रजत जयंती और स्वर्ण जयंती के बाद अब हीरक जयंती का जिम्मा उठाया है।

श्रीकांत क्लब अध्यक्ष नरपत सिंह राठौड़ ने कहा कि खेल, कला और संस्कृति के क्षेत्र में डीडवाना हमेशा आगे रहा है और यह आयोजन ऐतिहासिक साबित होगा। वयोवृद्ध खिलाड़ी और पूर्व पालिकाध्यक्ष सुरेश वर्मा ने भी इसे डीडवाना के खेल इतिहास का सुनहरा अध्याय बताया।
यह आयोजन अपने आप में होगा अद्वितीय – जेपी पसारी
आयोजन समिति के अध्यक्ष जेपी पसारी ने कहा कि यह आयोजन अपने आप में अद्वितीय होगा।

“डायमंड जुबली प्रतियोगिता का स्वरूप ऐसा होगा कि इसे लोग न भूतों, न भविष्य कहेंगे।” उन्होंने विश्वास दिलाया कि डीडवाना का नाम विश्व स्तर तक चमकेगा।
‘हमारी टीम का हौंसला भी उतना ही बड़ा’ – गोविंद गुर्जर
सचिव गोविंद गुर्जर ने कहा कि आयोजन बड़ा जरूर है, लेकिन हमारी टीम का हौंसला भी उतना ही बड़ा है।

उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता डीडवाना के खेल इतिहास को नई ऊँचाई देगी और खिलाड़ी यहाँ से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ेंगे।
‘छोटे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी’ – महेंद्र सिंह पंवार
कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह पंवार ने कहा कि छोटे से कंधे पर बड़ी जिम्मेदारी डाली गई है।

उन्होंने कहा कि सीनियर खिलाड़ियों और पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में वह पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे और आयोजन को यादगार बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।
खिलाड़ियों और पदाधिकारियों का उत्साह चरम पर
बैठक में रमाकांत सारस्वत, लक्ष्मीनिवास नागौरी, अशोक शर्मा, कैलाश चंद शर्मा, रामचंद्र तापड़िया, चेना राम पंवार, मान सिंह सेवा, शंकर सैनी, अनंत शर्मा, मोहम्मद नईम, मुत्तलिब कोटवाल, हनुवंत सिंह, बजरंग सिंह, शकीला परिहार खान, प्रदीप शर्मा, सुरेश मारोठिया, बनवारी मोट, विनोद खत्ती सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और पदाधिकारी मौजूद रहे।

