चॉक बॉल विश्वकप में भारत की जीत में कुचामन की बेटियों का जलवा

इंडोनेशिया के बाली शहर में चल रहे तृतीय चॉक बॉल विश्वकप में भारत ने शानदार शुरुआत करते हुए अपने पहले ही मुकाबले में इंडोनेशिया को 45-40 से मात देकर जीत का परचम लहराया। इस ऐतिहासिक जीत में कुचामन सिटी की दो बेटियों, निशा कुमावत और चिंकी गुर्जर का अहम योगदान रहा। दोनों ने पूरे मैच में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यंगेस्ट नॉलेज पावर स्कूल की छात्राएं निशा और चिंकी पहले ही अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के दम पर भारतीय महिला टीम में चयनित हुई थीं। यह पहला मौका है जब कुचामन की बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। मैच के दौरान इनकी फुर्ती, सटीक पासिंग और शानदार गोल ने टीम को बढ़त दिलाई और अंत तक विपक्षी टीम को वापसी का मौका नहीं दिया।

स्कूल निदेशक पवन कुमावत ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत न केवल कुचामन बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले मुकाबलों में भी दोनों खिलाड़ी इसी जोश और जज्बे के साथ खेलकर भारत को विश्वकप खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगी।

भारत की यह जीत टूर्नामेंट में टीम की मनोबल को ऊँचा करने वाली साबित हुई है और अब सभी की निगाहें अगले मुकाबले पर टिकी हैं, जहां एक बार फिर कुचामन की इन बेटियों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

error: News 1 Rajasthan