नावां में भाजपा के गांव/बस्ती चलो अभियान के तहत भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित

भारतीय जनता पार्टी (नागौर देहात) द्वारा गांव/बस्ती चलो अभियान के अंतर्गत एक विशाल जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन आज नावां में किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि पार्टी जमीनी स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरी तरह सक्रिय है।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना, आगामी चुनावों की रणनीति पर विचार करना, तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना रहा।

इस अवसर पर राजस्थान सरकार के राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण मंत्री और स्थानीय विधायक विजय सिंह चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार पूरी ताकत से जनकल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से ही प्रशासनिक सुधार, किसानों के लिए योजनाएं, युवाओं के लिए रोजगार और सैनिकों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और पूर्व विधायक (किशनपोल) मोहनलाल गुप्ता ने भी अपने ओजस्वी भाषण में कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और संगठन के प्रत्येक स्तर पर समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता है, और यही कार्यकर्ता आने वाले समय में पार्टी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।”

नागौर देहात भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ ने सम्मेलन की संबोधित करते हुए कहा कि गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर भाजपा की नीति और नीयत को जनता तक पहुंचाना ही इस अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे मिशन मोड में जुट जाएं और घर-घर संपर्क कर पार्टी के संदेश को मजबूती से रखें।

सम्मेलन में जिला और मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति नारों और आगामी रणनीतियों के निर्धारण के साथ हुआ, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिला कि भाजपा नागौर देहात में पूरी ऊर्जा और जोश के साथ आगामी पंचायत और निकाय चुनावों की तैयारियों में जुट चुकी है।

error: News 1 Rajasthan