कुचामन सिटी में संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती को लेकर इस बार विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। अम्बेडकर विकास समिति एवं क्षेत्रीय बहुजन संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले दो दिवसीय भव्य कार्यक्रमों की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।

अम्बेडकर विकास समिति के अध्यक्ष एवं नगर परिषद के निवर्तमान उपसभापति हेमराज चावला ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जयंती को सामाजिक समरसता, जागरूकता और सेवा भावना के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित तरीके से सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियाँ सौंप दी गई हैं, जिनका कार्य अब पूरा हो चुका है।
चावला के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 सोमवार को प्रातः 10 बजे कोठारी भवन में सांगलिया पीठ के पीठाधीश्वर श्री ओमदास जी महाराज के मुख्य आतिथ्य में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं एवं समाजसेवियों के भाग लेने की उम्मीद है। इसके पश्चात सायंकाल 7:30 बजे पुराने बस स्टैंड पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।

उन्होंने आगे बताया कि 14 अप्रैल 2026 मंगलवार को जयंती के मुख्य दिवस पर आथुना दरवाजा स्थित वाल्मिकी बस्ती से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए अम्बेडकर पार्क स्थित प्रतिमा स्थल पर पहुंचेगी, जहां बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
हेमराज चावला ने बताया कि इस बार जयंती कार्यक्रमों को लेकर समाज के सभी वर्गों—युवा, बुजुर्ग और महिलाओं—में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रमों को सफल बनाएं और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में योगदान दें।
