कुचामन सिटी। नजदीकी ग्राम श्रवणपुरा स्थित काला भाटा की ढाणी में कल से आस्था और भक्ति का विराट संगम देखने को मिलेगा, जहां सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। गांव में पहली बार आयोजित हो रहे इस धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आ रहा है।

कथा प्रारंभ से पूर्व ठाकुरजी के मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर मंगल गीतों के साथ कथा स्थल तक पहुंचेंगी। यह कलश यात्रा पूरे गांव में भक्ति का माहौल बनाएगी और कथा स्थल पर पहुंचकर विधिवत विसर्जित की जाएगी।
आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कथा स्थल पर विशाल पांडाल और सुसज्जित मंच का निर्माण किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुरुषों और महिलाओं के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था की गई है, ताकि सभी श्रद्धालु आरामपूर्वक कथा श्रवण कर सकें।
इस महोत्सव में वृंदावन से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक मनमोहन शास्त्री महाराज व्यासपीठ से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कथा के दौरान प्रतिदिन विभिन्न प्रसंगों पर आधारित मनमोहक और आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

आयोजक श्रीमती स्वरूप कंवर ने बताया कि आयोजन की तैयारियों में सभी ग्रामवासी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की।
वहीं हरि सिंह चारण ने कहा कि इस आयोजन का एक उद्देश्य नई पीढ़ी को संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ना भी है। उन्होंने बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन भक्ति, ज्ञान और संस्कृति से जुड़े संदेश दिए जाएंगे, जिससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।
