कुचामन सिटी। पंचायत समिति स्थित आईटी सेंटर में आयोजित उपखंड स्तरीय जनसुनवाई में दीपपुरा ग्राम पंचायत की डूकिया पेट्रोल पंप के पीछे स्थित दलित बस्ती के लोगों ने भीषण पेयजल संकट को लेकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन एसडीएम विश्वामित्र मीणा को सौंपा। यह ज्ञापन भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष परसाराम बुगालिया के नेतृत्व में दिया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से पानी की समस्या झेल रहे हैं और यह तीसरी बार प्रशासन को अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। बस्ती में न ट्यूबवेल है, न चालू हैंडपंप और न ही घर-घर नल योजना का लाभ मिल रहा है, जिससे लोगों को महंगे टैंकर से पानी खरीदना पड़ रहा है।

परसाराम बुगालिया ने आरोप लगाया कि दलित बस्ती होने के कारण मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी हो रही है, जिससे भेदभाव की आशंका भी उठ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा।
ज्ञापन के दौरान बिरमाराम बांगड़वा, सीताराम जाटोलिया, अजय-विजय चौधरी, महेश जाटोलिया सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे और शीघ्र पेयजल व्यवस्था की मांग की।
