कुचामन सिटी में अब हरियाली, स्वास्थ्य और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत शहर को जल्द ही एक आधुनिक “ऑक्सीजन पार्क” की सौगात मिलने जा रही है, जिसकी तैयारियां तेज हो चुकी हैं।

नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया ने बताया कि करीब 60,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित होने वाला यह सिटी पार्क लगभग 5.38 से 5.50 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। इसके लिए ओपन टेंडर जारी कर दिया गया है और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार एक वर्ष यानी 365 दिनों में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

स्थानीय विधायक एवं राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने इस परियोजना को शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि कुचामन सिटी को एक आधुनिक, स्वच्छ और हरित शहर बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन पार्क बनने से जहां शहरवासियों को स्वास्थ्यवर्धक वातावरण मिलेगा, वहीं यह आने वाले समय में पर्यटन को भी बढ़ावा देगा और युवाओं व परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबू लाल मारवाड़ा ने बताया कि यह पार्क भविष्य में कुचामन सिटी के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा। इसे आधुनिक डिजाइन और विभिन्न आकर्षक जोन में विकसित किया जाएगा, जिससे यह आमजन के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल बन सके।

आयुक्त कांकरिया ने बताया कि पार्क में प्रवेश द्वार (एंट्रेंस), पब्लिक प्लाजा, सेंट्रल प्लाजा और पार्किंग एरिया विकसित किए जाएंगे। बच्चों के लिए किड्स प्ले एरिया, फूलों की भूलभुलैया (फ्लावर मेज़), मेडिटेशन जोन और वॉकिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं रहेंगी, जिससे हर आयु वर्ग के लोग यहां समय बिता सकें।
इसके अलावा वाटर बॉडी (झील), फाउंटेन, लो वॉटर कैस्केड, गार्डन, गज़ेबो, माउंड्स, सिटिंग एरिया और इको कैफे भी विकसित किए जाएंगे। पार्क में मियावाकी प्लांटेशन, नर्सरी, लैंडस्केप गार्डन और ओपन जिम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे यह पर्यावरण के अनुकूल और ऑक्सीजन समृद्ध क्षेत्र बन सके।

इस ऑक्सीजन पार्क के निर्माण से शहरवासियों को सैर, व्यायाम और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के लिए एक बेहतरीन स्थान मिलेगा। साथ ही यह परियोजना शहर के पर्यावरण संतुलन को मजबूत करने और लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
