अंडर-20 राज्य स्तरीय फुटबॉल चैंपियनशिप में चूरू को हराकर नागौर ने प्री-क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

डीडवाना, चित्तौड़गढ़ में 6 अप्रैल से 9 अप्रैल तक आयोजित हो रही राज्य स्तरीय अंडर-20 बालक वर्ग फुटबॉल चैंपियनशिप में नागौर जिला फुटबॉल टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है।

कप्तान खालिद खान के नेतृत्व में खेल रही टीम ने चूरू को हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है।
मैच के दौरान नागौर टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहला गोल मोहम्मद जोहेब अली ने दागकर टीम को बढ़त दिलाई, वहीं दूसरा गोल कप्तान खालिद खान ने कर टीम की स्थिति को और मजबूत कर दिया। दोनों खिलाड़ियों के बेहतरीन तालमेल और पूरी टीम के सामूहिक प्रयास से नागौर ने यह जीत अपने नाम की।


टीम का प्रदर्शन न केवल तकनीकी रूप से मजबूत नजर आया, बल्कि खिलाड़ियों की फिटनेस और रणनीति भी काफी प्रभावी रही। टीम के कोच मुजाहिद सिद्दीकी के प्रशिक्षण का असर मैदान पर साफ देखने को मिला, जिसकी बदौलत खिलाड़ी अनुशासित और आत्मविश्वास से भरपूर नजर आए।

अब नागौर टीम का अगला मुकाबला कोटा से होगा, जिसे लेकर टीम पूरी तरह तैयार और उत्साहित है।

नागौर जिला फुटबॉल संघ के सचिव सैयद फरहत अली ने टीम की इस जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को तहे दिल से बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि टीम आगे भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेगी।

संघ के उपाध्यक्ष शबीक अहमद उस्मानी ने कहा कि टीम ने जिस जोश और जज्बे के साथ खेल दिखाया है, वह सराहनीय है। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ-साथ कोचिंग स्टाफ की भी प्रशंसा की और विश्वास जताया कि नागौर टीम आगे के मुकाबलों में भी जीत का सिलसिला जारी रखेगी।

error: News 1 Rajasthan