सरकार के निर्देशों के बाद कुचामन क्षेत्र में हैंडपंपों की सघन जांच, खराब पंप चिन्हित


प्रदेशभर में पानी की स्थिति को लेकर सरकार के सख्त निर्देशों के बाद कुचामन क्षेत्र में भी रविवार को जलदाय विभाग एक्शन मोड में नजर आया। CMO के आदेशानुसार हर अधिकारी को हैंडपंपों की जांच कर रिपोर्ट देने और खराब पंपों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत आज कुचामन में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया।


सहायक अभियंता मुकेश कुमार जाट के नेतृत्व में उपखंड कुचामन सिटी की टीम ने ब्लॉक के ग्राम पांचवा, घाटवा, गांधीग्राम, जिलिया और चितावा में हैंडपंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान कनिष्ठ अभियंता भी साथ रहे। टीम ने विभिन्न स्थानों पर हैंडपंपों की स्थिति का जायजा लेते हुए मरम्मत योग्य हैंडपंपों को चिन्हित किया और उन्हें शीघ्र ठीक करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता मुकेश कुमार जाट ने कहा कि “सरकार के निर्देशों के अनुसार विभाग पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। गर्मी के मौसम में आमजन को किसी प्रकार की पेयजल समस्या न हो, इसके लिए हर स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है। खराब हैंडपंपों को प्राथमिकता से ठीक किया जाएगा और सभी अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।”


उन्होंने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार नियमित रूप से गांव-गांव जाकर हैंडपंपों की जांच की जा रही है और जहां भी कमी मिल रही है, उसे तुरंत दूर करने की कार्रवाई की जा रही है।
सरकार के इस अभियान के बाद कुचामन क्षेत्र में जल व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों को गर्मी के बीच राहत मिलने की उम्मीद है।

error: News 1 Rajasthan