डीडवाना-कुचामन। जिला कलक्टर के निर्देशानुसार जिलेभर में ई-मित्र केन्द्रों के संचालन में पारदर्शिता और नियमों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सघन एवं प्रभावी औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कुचामन सिटी में किए गए ई मित्र के औचक निरीक्षण के दौरान नियमों की अवहेलना करने वाले ई मित्र संचालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जुर्माना लगाया गया और विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा भी की गई।

निरीक्षण टीम में प्रोग्रामर पंकज कुमार, सहायक प्रोग्रामर रविन्द्र कुमार, गिरीश औदिच्य, ब्रजेश पारीक तथा सूचना सहायक सुरभि कुमावत शामिल रहे। टीम ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कुल 39 ई-मित्र केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच की।
जांच के दौरान ई-मित्र केन्द्रों पर उपभोक्ताओं को टोकन प्रिंटेड रसीद देने, निर्धारित रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, को-ब्राण्डेड बैनर लगाने, ई-मित्र कियोस्क प्रमाण पत्र उपलब्ध रखने, निरीक्षण एवं सुझाव पुस्तिका संधारित करने तथा समय-समय पर जारी विभागीय निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने जैसे बिंदुओं की विशेष रूप से जांच की गई।

साथ ही सेवाओं के लिए निर्धारित दरों का सही पालन हो रहा है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की गई।
निरीक्षण के दौरान 8 ई-मित्र केन्द्रों पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिन्हें गंभीरता से लेते हुए संबंधित संचालकों के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की अनुशंसा की गई। इसके अलावा कुछ केन्द्र बंद भी पाए गए, जिस पर भी नाराजगी जताई गई।

प्रोग्रामर पंकज कुमार ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सभी ई-मित्र संचालकों को विभागीय नियमों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी केन्द्र पर नियमों की अनदेखी पाई जाती है तो संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
