कुचामन शिक्षा जगत की जानी-मानी शख्सियत डॉ. लक्ष्मण राम शर्मा को पीएचडी की उपाधि


कुचामन सिटी में शिक्षा क्षेत्र की जानी-मानी शख्सियत और शिक्षाविद् डॉ. लक्ष्मण राम शर्मा को वनस्थली विद्यापीठ में आयोजित 42वें दीक्षांत समारोह में पीएचडी (डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी) की उपाधि से दीक्षित किया गया। वर्तमान में डॉ. शर्मा मकराना स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नायकों की ढाणी में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं और लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
डॉ. शर्मा को यह उपाधि “जगद्गुरु निम्बार्काचार्य श्री राधासर्वेश्वरशरण देवाचार्य विरचित संस्कृत काव्यों में मानवीय एवं नैतिक मूल्यों का अनुशीलनात्मक अध्ययन” विषय पर किए गए शोध के लिए प्रदान की गई। उन्होंने अपने दीक्षागुरु श्री श्रीजी महाराज द्वारा रचित संस्कृत एवं हिंदी ग्रंथों के आधार पर लगभग तीन वर्षों तक गहन शोध कार्य किया, जो भेषराज शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ।


यह दीक्षांत समारोह अनिल डी. सहस्रबुद्धे, अध्यक्ष राष्ट्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी फोरम, भारत सरकार के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिद्धार्थ शास्त्री, अध्यक्ष वनस्थली विद्यापीठ ने की, जबकि कुलपति ईना आदित्य शास्त्री की उपस्थिति में समारोह सम्पन्न हुआ।
डॉ. लक्ष्मण राम शर्मा की इस शैक्षणिक उपलब्धि पर कुचामन-मकराना क्षेत्र के शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों और उनके शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।

error: News 1 Rajasthan