कुचामन शहर के दल्ला बालाजी रोड स्थित सुरेन्द्र नगर में इण्डियन डिफेंस एकेडमी में भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त लेफ्टिनेंट प्रतीक बेनीवाल के सम्मान में अभिनंदन एवं स्वागत समारोह आयोजित किया गया। लेफ्टिनेंट बनने के बाद पहली बार कुचामन आगमन पर एकेडमी के प्रशिक्षु विद्यार्थियों, अभिभावकों और शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें माला पहनाकर व साफा बांधकर सम्मानित किया गया।

इण्डियन डिफेंस एकेडमी के निदेशक गणेश शेषमा ने बताया कि प्रतीक बेनीवाल की सफलता से संस्थान के विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलेगी और यह युवाओं के लिए एक आदर्श उदाहरण है कि कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से सेना में अधिकारी बनने का सपना साकार किया जा सकता है।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट प्रतीक बेनीवाल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि सही दिशा में की गई मेहनत ही व्यक्ति को उसके लक्ष्य तक पहुंचाती है। उन्होंने युवाओं को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए कहा कि उन्होंने अपने ताऊजी नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल से संघर्ष और कठिन परिश्रम की सीख ली है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि वे दृढ़ निश्चय के साथ प्रयास करेंगे तो कोई भी लक्ष्य उनके लिए असंभव नहीं रहेगा।
समारोह में उपस्थित पूर्व विधायक और लेफ्टिनेंट प्रतीक बेनीवाल के पिता नारायण बेनीवाल ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए अनुशासन सबसे बड़ा मंत्र है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखने और पूरी लगन के साथ उसे हासिल करने की प्रेरणा दी।

वहीं इण्डियन व आस्था एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन भूराराम शेषमा ने कहा कि किसी राजनीतिक परिवार का बेटा सेना में अधिकारी बनकर देश सेवा का मार्ग चुनता है तो यह उसके परिवार के संस्कारों और देशभक्ति की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां समाज के युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती हैं।
कार्यक्रम में आस्था स्कूल के निदेशक दयाल शेषमा, कर्नल नंदकिशोर ढाका, टैगोर कॉलेज निदेशक राजेश चौधरी, आदर्श कॉलेज निदेशक योगेश जाखड़, नवीन राजस्थान निदेशक धर्मेंद्र चौधरी, केआर निदेशक हितेश्वर जाखड़, हरीश चौधरी,

ओमप्रकाश बुगालिया, मेघराज शर्मा, शंकरलाल मेघवाल, कैप्टन किशनलाल कुमावत, सुरेश कुमावत, रणजीत पोषक सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक और प्रशिक्षु विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संस्था सचिव रोहित चौधरी ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
