डीडवाना–कुचामन जिले में संगठन विस्तार और युवा शक्ति को जोड़ने पर रहेगा विशेष फोकस
डीडवाना–कुचामन जिले के नावां विधानसभा क्षेत्र में विप्र समाज को नया नेतृत्व मिला है। मनोज जोशी को विप्र सेना का नावां विधानसभा अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन की सूचना मिलते ही समाजजनों में उत्साह का माहौल बन गया और विभिन्न संगठनों की ओर से उन्हें बधाइयाँ दी जाने लगीं।
विप्र सेना अध्यक्ष बनने पर मनोज जोशी ने कहा कि यह दायित्व उनके लिए गर्व का विषय है, लेकिन उससे भी बढ़कर यह समाज सेवा का अवसर है। उन्होंने कहा कि वे नावां विधानसभा क्षेत्र में विप्र सेना को सक्रिय और सशक्त बनाने के लिए कार्य करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं को संगठन से जोड़ना, शिक्षा व संस्कार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देना और समाज के जरूरतमंद परिवारों के लिए सहयोग तंत्र विकसित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। जोशी ने कहा कि संगठन की ताकत उसकी एकता और सक्रियता में होती है, जिसे वे सभी समाजबंधुओं के सहयोग से नई दिशा देंगे।

जोशी वर्तमान में ऑल इंडिया पारीक महासभा में राष्ट्रीय सचिव के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर समाज के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठा रहे हैं। इसके साथ ही वे कुचामन सिटी स्थित एकलव्य सी. सै. स्कूल के चेयरमैन के रूप में शिक्षा क्षेत्र में योगदान दे रहे हैं।
वे विप्र समाज, कुचामन सिटी के अध्यक्ष के रूप में समाज की एकता और संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ा रहे हैं। साथ ही पत्रकार विकास संस्थान, कुचामन सिटी के अध्यक्ष के रूप में पत्रकारों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय हैं।
मनोज जोशी श्री समरिया सागर बालाजी गौशाला, कुचामन सिटी के सचिव पद पर रहते हुए गौ सेवा के कार्यों से जुड़े हैं, वहीं अखिल भारतवर्षीय पारीक आश्रम ट्रस्ट की वित्त समिति के सदस्य के रूप में ट्रस्ट के आर्थिक प्रबंधन में भी अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
लगातार विभिन्न संस्थाओं में सक्रिय भागीदारी के कारण उन्हें संगठन संचालन, वित्तीय प्रबंधन और सामाजिक नेतृत्व का व्यापक अनुभव प्राप्त है।

विभिन्न संस्थाओं और समाजजनों ने दी शुभकामनाएं
उनके मनोनयन पर विप्र समाज, पत्रकार विकास संस्थान, गौशाला समिति ,कुचामन विकास समिति, मुस्लिम एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी और अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समाज के वरिष्ठजनों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी कर्मठता, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना विप्र सेना को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाएगी और नावां विधानसभा क्षेत्र में संगठन को नई मजबूती प्रदान करेगी।
लगातार विभिन्न संस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद अब विप्र सेना अध्यक्ष के रूप में मनोज जोशी से समाज को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
