डीडवाना-कुचामन जिले की नावां पंचायत समिति अंतर्गत ग्राम पंचायत देपुर–रघुनाथपुरा का मामला आज जिला कलेक्ट्रेट पहुंच गया, जब रघुनाथपुरा और देवनगर के ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र होकर अपना विरोध दर्ज कराने पहुंचे। ग्रामीणों ने नावां तहसीलदार रामेश्वर गढ़वाल पर चुनाव आयोग को कथित रूप से भ्रामक तथ्य प्रस्तुत कर गुमराह करने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि ग्राम पंचायत देपुर–रघुनाथपुरा का मतदान केंद्र रघुनाथपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ही यथावत रखा जाए। उनका कहना है कि रघुनाथपुरा भौगोलिक दृष्टि से देपुर, देवनगर और रघुनाथपुरा ,तीनों गांवों के मध्य में स्थित है, जिससे मतदाताओं को सुविधा रहती है। पिछले कई चुनावों से इसी केंद्र पर मतदान होता आया है और यहां किसी प्रकार की अव्यवस्था की शिकायत नहीं रही।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तहसीलदार द्वारा चुनाव आयोग को भेजी गई रिपोर्ट में रघुनाथपुरा में मूलभूत सुविधाओं के अभाव का उल्लेख करते हुए मतदान केंद्र को देपुर स्थानांतरित करने की सिफारिश की गई है, जबकि वास्तविकता इससे अलग है। उनका कहना है कि रघुनाथपुरा स्थित विद्यालय में चुनाव आयोग के नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं—चाहे वह भवन की व्यवस्था हो, पेयजल, शौचालय या सुरक्षा संबंधी प्रबंध,गांव के विद्यालय में ये सभी सुविधाएं है । ग्रामीणों ने यह भी बताया कि यदि ग्राम पंचायत मुख्यालय रघुनाथपुरा में बनाया जाता है तो गांव के भामाशाह इसके लिए भूमि दान करने को तैयार हैं। उनका कहना है कि पंचायत मुख्यालय और मतदान केंद्र को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है, जबकि स्थानीय स्तर पर सभी आवश्यक संसाधन मौजूद हैं।

मीडिया से बातचीत में ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि चुनाव जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि मतदान केंद्र को रघुनाथपुरा में ही बरकरार रखा जाए और यदि किसी अधिकारी द्वारा भ्रामक रिपोर्ट भेजी गई है तो उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर भींवाराम, हीराराम, नाथूराम, पप्पूराम, सुगनाराम गुर्जर (निवासी देवनगर), सादुलसिंह, रिछपालसिंह, दातारसिंह, जितेंद्रसिंह, मानाराम, गोपाल जांगिड़, रामपाल, प्रकाश कुमावत, प्रेमपाल, भेरूराम, दानाराम, केसाराम वर्मा, संजय शर्मा, हनुमानराम, बोदूराम नेहरा, केसाराम, गोपाल, रामेश्वर, भंवर, ईश्वर, मनोज, अर्जुन दूधवाल, चेनाराम, पोखर ढकरवाल, भुवानाराम, हुकमाराम, नेमाराम महला (निवासी रघुनाथपुरा) सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
